स्ट्रांग रूम में लगे कैमरे का दो बार बंद हुआ डिस्प्ले, उम्मीदवारों के दिल की धड़कने बढ़ीं
गाजियाबाद। गोविंदपुरम अनाज मंडी में ईवीएम की निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे का डिस्प्ले शनिवार को दो बार बंद हो गया। इससे उम्मीदवारों के दिलों की धड़कने बढ़ गईं हैं। प्रत्याशियों ने गड़बड़ी की आशंका जाहिर की है।
10 फरवरी को मतदान के बाद ईवीएम मंडी में स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं। यहां पर सुरक्षा के लिए 24 घंटे फोर्स लगाई गई है। स्ट्रांग रूम और मंडी परिसर में करीब 60 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। स्ट्रांग रूम के बाहर पंडाल में डिस्प्ले के लिए एलईडी लगाई गई है। स्ट्रांग रूम के अंदर का दृश्य स्क्रीन पर हर पल डिस्प्ले होता रहता है। ईवीएम के डिस्प्ले की निगरानी के लिए डिस्प्ले केंद्र पर प्रत्याशियों की ओर से डिस्प्ले निगरानी अभिकर्ता तैनात किए गए हैं।
साहिबाबाद विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी अमर पाल शर्मा का कहना है कि उनकी पार्टी के अभिकर्ता ने उन्हें बताया कि कई बार डिस्प्ले एक से डेढ़ घंटे के लिए बंद हो गया। इससे गड़बड़ी की आशंका है। उधर लोनी से सपा रालोद प्रत्याशी मदन भैया ने भी डिस्प्ले बंद होने की शिकायत की है। मदन भैया ने बताया कि ईवीएम डिस्प्ले निगरानी अभिकर्ता राहुल ने बताया कि शनिवार को 17 बजकर 05 मिनट से 18 बजकर 17 मिनट और रात 21 बजकर 45 मिनट से 23 बजकर 30 मिनट तक डिस्प्ले बंद रहा। अभिकर्ता ने गड़बड़ी की आशंका जाहिर की है। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि उनके निजी कैमरे भी मौके पर लगाए जाएं ताकि सुरक्षा को लेकर कोई आशंका न रहे।
--------
टूटकर गिरा कैमरा, बदलवाया
मतगणना स्थल पर लगा सीसीटीवी कैमरा रविवार को टूटकर गिर गया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने दूसरा कैमरा लगवाया। कैमरा कैसे टूटकर गिरा, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है।
-----
तीन शिफ्टों में लग रहे निगरानी अभिकर्ता
प्रत्येक प्रत्याशी के तीन- तीन डिस्प्ले निगरानी अभिकर्ता लगाए गए हैं। यह अभिकर्ता आठ- आठ घंटे डिस्प्ले निगरानी केंद्र पर बैठ रहे हैं। मतदान की रात से अभिकर्ता शिफ्ट में निगरानी कर रहे हैं। मतगणना तक अभिकर्ता तैनात रहेंगे।
--------
छावनी में तब्दील है मतगणना स्थल
मतगणना स्थल की कड़ी सुरक्षा के लिए पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स लगाई गई है। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि दो स्तर पर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। स्ट्रांग रूम के चारों कोनों पर दो पुलिस के जवान, स्ट्रांग रूम के बाहर सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं। सुरक्षा घेरे के अंदर जाने की किसी को इजाजत नहीं है।
----------
तकनीकी दिक्कत आने की वजह से कुछ समय के लिए डिस्प्ले बंद हुआ था जिसे ठीक करा दिया गया है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं है। स्ट्रांग रूम कड़ी सुरक्षा घेरे में है। कैमरे से रिकॉडिंग लगातार जारी है।
विवेक श्रीवास्तव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी
--------------