बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बने योगेंद्र कौशिक नितिन यादव सचिव
गाजियाबाद। बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष योगेंद्र कौशिक ने कहा कि पश्चिमी हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा। इसके लिए केंद्र से लेकर राज्य सरकार तक लड़ाई लड़ी जाएगी। इस पर जल्द ही रणनीति तय की जाएगी। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा अधिवक्ताओं के लिए लाइब्रेरी अपडेट कराई जाएगी, जिससे कि वह तैयारी कर न्यायाधीश बन सकें। कचहरी में सार्वजनिक शौचालय और पार्किँग की व्यवस्था बनाने पर भी काम किया जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि नए अधिवक्ताओं के लिए चैंबर बनाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा।
युवा अधिवक्ताओं को दिया जाएगा मौका
नवनियुक्त सचिव नितिन यादव ने कहा कि अधिवक्ताओं ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वह ईमानदारी से करेंगे। सचिव ने कहा कि वकील सम्मान का भूखा है और वह वकीलों की सम्मान की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जो युवा वकालत में आ रहे हैं उन्हें शुरू में काम मिलने में दिक्कत होती है। अब नियम बनाया जाएगा कि अगर कोई भी चालान छुड़ाने डायरेक्ट जाएगा तो उसे चालान नहीं छुड़ाने दिया जाएगा, इसके लिए वकालतनामा लगाया जाएगा क्योंकि तीन साल से कम अनुभव वाले वकीलों का लगेगा। सचिव ने कहा कि कचहरी में अभी काफी मूलभूत सुविधाओं की कमी है। पार्किंग की समस्या के लिए खास रणनीति तैयार की है। जल्द ही इस समस्या से निजात दिलाया जाएगा। हाई कोर्ट बेंच के लिए जिस तरीके से अब तक प्रदर्शन किया जाना चाहिए था, उस पर काम नहीं हो पाया। इसलिए अब आंदोलन को तेज करने के लिए वरिष्ठ जनों का सहयोग लिया जाएगा।
रात तीन बजे घोषित किए गए विजेताओं के नाम
चुनाव के सहसंयोजक मनमोहन शर्मा ने बताया कि बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर योगेंद्र कौशिक ने राज कुमार चौधरी को 567 मतों से हरा दिया। योगेंद्र को 1408 वोट मिले, जबकि राजकुमार को 841 वोट मिले। सचिव पद पर नितिन यादव को 858 वोट मिले। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी स्नेह त्यागी को 66 वोटों से हराया। स्नेह त्यागी को 792 वोट मिले थे। कोषाध्यक्ष पद पर रेखा रानी ने शमा खान को हराकर जीत हासिल की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर ओमवीर सिंह रावल ने मृदुला राय त्यागी को हराया। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर विपलव शर्मा ने आदेश को हरा दिया। सह सचिव प्रशासन पद पर आभा सिंह ने अंकित त्यागी को परास्त किया। सहसचिव पुस्तकालय पद पर रुबी कश्यप ने कपिल त्यागी को हराकर जीत दर्ज की। मतगणना के परिणाम आने के बाद कचहरी में जश्न का माहौल रहा। समर्थकों ने अपने प्रत्याशियों को माला पहनाकर स्वागत किया। 2517 मतदाताओं में कुल 2249 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।