इंदिरापुरम, राजनगर एक्सटेंशन के हस्तांतरण के लिए बनी जीडीए-निगम की संयुक्त कमेटी
गाजियाबाद। इंदिरापुरम के साथ अब राजनगर एक्सटेंशन, स्वर्णजयंती पुरम, तुलसी निकेतन और प्रताप विहार के चार ब्लॉक भी नगर निगम को हस्तांतरित किए जाएंगे। इन कॉलोनियों के हस्तांतरण को लेकर मंगलवार को प्राधिकरण कार्यालय में जीडीए वीसी कृष्णा करुणेश, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर और अन्य अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सहमति नहीं बन पाई है। अब इन कॉलोनियों के साथ-साथ गोविंदपुरम और नूरनगर एसटीपी के सर्वे के लिए दोनों विभागों के अधिकारियों की संयुक्त कमेटी बनाई गई है।
यह कमेटी 15 दिन में अपनी रिपोर्ट देगी और 17 जनवरी को दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में इस रिपोर्ट को पेश किया जाएगा। इंदिरापुरम कॉलोनी नगर निगम को हस्तांतरित करने के लिए जीडीए 6-7 साल से पत्राचार कर रहा है। नगर निगम बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव पर कई बार मंथन हुआ, लेकिन सदन ने आमदनी के संसाधन भी हस्तांतरित किए जाने की शर्त लगा दी, जिस पर जीडीए अधिकारी पीछे हट गए। करीब छह माह पहले नगर निगम सदन ने इंदिरापुरम और राजनगर एक्सटेंशन को सशर्त हस्तांतरण की मंजूरी दी तो दोनों विभागों की ओर से ज्वाइंट सर्वे किया गया। नगर निगम ने करीब 500 करोड़ रुपये के बकाया कार्यों की सूची तैयार कर जीडीए को भेजी, लेकिन इतना बड़ा बजट खर्च करने से जीडीए पीछे हट गया।
मंगलवार को जीडीए वीसी ने नगर आयुक्त के साथ फिर बैठक की। इसमें दोनों विभागों के निर्माण व जलकल विभाग के कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जीडीए अधिकारियों ने इंदिरापुरम, राजनगर एक्सटेंशन के अलावा जर्जर फ्लैटों वाली तुलसी निकेतन कॉलोनी, स्वर्णजयंती पुरम, इंदिराकुंज और प्रताप विहार योजना के ए, बी, के व एन ब्लॉक को भी हस्तांतरित करने का प्रस्ताव रखा। इनके अलावा गोविंदपुरम और नूरनगर में बनाए गए 56 एमएलडी के दो सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी हस्तांतरित किए जाएंगे। घंटो चली इस बैठक में दोनों विभागों के अधिकारियों की संयुक्त कमेटी बनाकर फिर से सर्वे कराने पर सहमति बनी। इस संयुक्त कमेटी में जीडीए के इंजीनियर, नगर निगम के निर्माण, जलकल, प्रकाश और उद्यान विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे। इस संयुक्त निरीक्षण में सिविल, विद्युत, सीवर, उद्यान और जल आपूर्ति के कार्यों का निरीक्षण किया जाएगा। दोनों विभागों के अधिकारी संयुक्त रिपोर्ट बनाकर 17 जनवरी को होने वाली बैठक में पेश करेंगे।
----
हस्तांतरित हो चुकी कॉलोनियों के सामुदायिक भवन भी लेगा निगम
मंगलवार को जीडीए और नगर निगम की संयुक्त बैठक में नगर निगम को पूर्व में हस्तांतरित की गई कॉलोनियों में ग्रीन बेल्ट, पार्क और सामुदायिक केंद्रों का संचालन भी नगर निगम को सौंपे जाने पर सहमति बनी। जीडीए वीसी और नगर आयुक्त ने अपने विभागों के अधिकारियों को संयुक्त सर्वे कर जल्द से जल्द रिपोर्ट तैयार कराने और हस्तांतरण की प्रक्रिया को पूरी कराने के निर्देश दिए।