दोस्त ने कमेटी के 30.60 लाख रुपये हड़पे
गाजियाबाद। सिहानी गेट में दोस्त द्वारा कमेटी के 30.60 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। इस संबंध में लोहियानगर सी-ब्लॉक निवासी भोलानाथ शर्मा ने सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि उन्होंने पांच कमेटियां दोस्त राजेंद्र के पास डाली थी, लेकिन उन्हें पैसा नहीं लौटाया।
भोलानाथ शर्मा ने सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि रामनगर निवासी राजेंद्र उनका मित्र है। उसने फोन से उनकी बात अपने भाई किशन से कराई थी। राजेंद्र के कहने पर उन्होंने 12 अक्तूबर 2018 को उसके भाई के पास 10-10 लाख रुपये की दो कमेटी डाली थी। 12 मई 2020 को कमेटी पूरी हो गईं, जिसका पूरा पैसा राजेंद्र को जमा करा दिया गया था। इसी तरह राजेंद्र से दोस्ती के चलते ही उन्होंने 10 मार्च 2019 को 6-6 लाख की दो कमेटी राजेंद्र के पास डाली थी, जो 10 मई 2020 को पूरी हो गईं। चारों कमेटियों का पैसा उन्होंने राजेंद्र के पास जमा करा दिया था। इसके अलावा राजेंद्र ने 5 नवंबर 2019 को साढ़े 4 लाख की एक कमेटी राजेंद्र के पास डाली, लेकिन पांच महीने बाद ही राजेंद्र ने इसे बंद कर दिया। भोलानाथ शर्मा का कहना है कि कमेटी का पैसा राजेंद्र का भांजा सागर उनके घर से ले जाता था। उन्होंने 30.60 लाख रुपये राजेंद्र से मांगे तो उसने टरकाना शुरू कर दिया। किशन व सागर से शिकायत की तो उन्होंने पैसा लौटाने से मना कर दिया।