कारोबारी ने नौकर से 10 लाख में किया था दंपती की हत्या का सौदा
गाजियाबाद। पटेल नगर सेकेंड में बुजुर्ग दंपती की हत्या का सौदा कारोबारी रोहित नरूला ने नौकर सुंदर से 10 लाख में किया था। उसने बेटियों की शादी के लिए सुंदर को रकम देने का वादा किया था। जेल जाने से पहले पुलिस की पूछताछ में नौकर सुंदर ने इस बात का खुलासा किया। मंगलवार को हत्या का खुलासा करने के बाद सिहानी गेट पुलिस ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया।
दिवाली की रात पटेल नगर सेकेंड में पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के आवास के सामने रहने वाले अशोक जैदका (72) और उनकी पत्नी मधु जैदका (70) की हथौड़े से सिर में वार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दंपती के मध्य प्रदेश निवासी नौकर सुंदर, उसके गांव के अतुल कुमार, लोहिया नगर निवासी कबाड़ी आजाद और साहिबाबाद में संगम मोटर्स के मालिक पटेल नगर निवासी रोहित नरूला को गिरफ्तार किया था।
नौकर को अशोक जैदका द्वारा किए गए अपमान का बदला लेना था। उसने शादी का लालच देकर अतुल को हत्या में शामिल किया। दंपती के गोदाम का माल हड़पने के लिए आजाद हत्या की साजिश में शामिल हुआ और दंपती के 61 लाख की देनदारी से बचने को रोहित नरूला ने सुंदर को हत्या के लिए उकसाया।
झूठ से खुला था हत्या का राज
घटना के बाद से सुंदर का मोबाइल बंद आने पर पुलिस ने उसके साथियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। सुंदर के साथी विपिन ने बताया कि दिवाली से पूर्व वह सुंदर को कमरे पर छोड़कर अपने गांव मुजफ्फरनगर चला गया था। सुंदर को उसने अपने साथी शिब्बू का नंबर दिया था। कमरा छोड़ने से पहले शिब्बू को बताने के लिए कहा था। शिब्बू ने बताया कि सुंदर ने दिवाली की रात फोन करके मां के निधन की बात बताई। मध्यप्रदेश में पता करने पर मां के देहांत की बात झूठ निकली, जिसके बाद सुंदर को पकड़ लिया गया।
एक महीने बाद रकम लेने आता सुंदर
पुलिस के मुताबिक दंपती की हत्या के बाद रोहित मध्य प्रदेश चला गया। उसने रोहित नरूला से कहा था कि वह एक महीने बाद गाजियाबाद आएगा और दस लाख रुपये लेकर चला जाएगा। गांव जाकर वह बड़ी बेटी की शादी करेगा और बची हुई रकम से कोई काम-धंधा शुरू करेगा। लेकिन सुंदर अपने ही बुने जाल में फंसकर पुलिस के हत्थे चढ़ गया।