फ्लैट आवंटन व लोन मेला आज से, 1968 फ्लैट शामिल
गाजियाबाद। नवरात्र में जीडीए की विभिन्न आवासीय योजनाओं में फ्लैट खरीदने का शहरवासियों को मंगलवार से मौका मिलेगा। प्राधिकरण का दो दिवसीय फ्लैट आवंटन और लोन मेला 12 अक्तूबर से हिंदी भवन में शुरू होगा। फ्लैट आवंटन मेला में जीडीए की छह योजनाओं में खाली 1968 फ्लैट्स को शहरवासी अपनी पसंद अनुसार खरीद सकेंगे। मेले में ही फ्लैट खरीदारों को तीन नेशनल और दो निजी बैंकों के जरिये ऑन स्पॉट लोन लेने की सुविधा प्रदान की जाएगी।
दूसरी ओर फ्लैट खरीदने से पहले खरीदार योजनाओं का भ्रमण भी कर सकेंगे। लोहियानगर हिंदी भवन में 13 अक्तूबर तक चलने वाले मेले में सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक भवनों को खरीदने की सुविधा प्रदान की जाएगी। दूसरी ओर फरवरी 2021 में मधुबन बापूधाम भूखंड योजना के आवंटियों को मेले में लोन की सुविधा प्रदान की जाएगी। जीडीए ने लोन मेले में पीएनजी, एसबीआई, इंडियन बैंक, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंक को शामिल किया है।
छह लाख से 69.43 लाख है फ्लैट की कीमत
फ्लैट आवंटन और लोन मेले में जीडीए ने ईडब्ल्यूएस से लेकर एलआईजी, मिनी एमआईजी, एमआईजी, एक बीएचके, दो बीएचके, तीन बीएचके फ्लैट को शामिल किया है। भवनों की अनुमानित कीमत छह लाख से 69.43 लाख के बीच है। सबसे ज्यादा फ्लैट मधुबन बापूधाम योजना में हैं। यहां बहुमंजिला सी-पॉकेट टावर में दो बीएचके टाइप-ए के 93, टाइप-बी के 106, तीन बीएचके टाइप-ए के 48, टाइप-बी के 52, तीन बीएचके प्लस स्टडी टाइप-ए के 46 और टाइप-बी के छह फ्लैट शामिल हैं। मधुबन पॉकेट एफ में दो बीएचके के 236, मिनी एमआईजी 53, एलआईजी 49 फ्लैट शामिल हैं।
लोन के लिए नहीं भटकना होगा
फ्लैट खरीदारों की सुविधा के लिए मेले में लोन संबंधी सुविधा दी गई है। उन्हें लोन लेने के लिए नहीं भटकना होगा। प्राधिकरण संपत्तियों की खरीद में बढ़ रहे रुझान को देखते हुए मेले में बड़ी संख्या में भवनों की बिक्री की संभावना है।
सीपी त्रिपाठी, अपर सचिव, जीडीए
पहले आओ पहले पाओ योजना में योजना वार खाली फ्लैट्स
योजना कुल खाली फ्लैट
मधुबन बापूधाम 351
(बहुमंजिला टावर)
मधुबन बापूधाम अन्य 337
चंद्रशिला योजना 41
कोयल एंक्लेव योजना 481
इंद्रप्रस्थ येाजना 435
संजयपुरी मोदीनगर योजना 70
वैशाली योजना 26