सेल्स हेड से छेड़छाड़, विरोध पर लात मार खाना गिराया
गाजियाबाद। आरडीसी स्थित मॉल में सुपर मार्केट की सेल्स हेड के साथ कंपनी के कर्मचारियों द्वारा छेड़छाड़ व अभद्रता करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के मुताबिक लंच करते वक्त दोनों कर्मचारियों ने केबिन में घुसकर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उन्होंने मेज में लात मारकर उसका खाना भी गिरा दिया। कविनगर पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नंदग्राम क्षेत्र में रहने वाली एक युवती आरडीसी स्थित एक मॉल में सुपर मार्केट की सेल्स हेड है। युवती का कहना है कि मंगलवार दोपहर को वह अपने केबिन में बैठकर लंच कर रही थीं। उसी दौरान कंपनी के ही दो कर्मचारी शुभम और सूरज निवासीगण श्याम पार्क साहिबाबाद केबिन में आ गए और उन्हें देखकर गाना गाने लगे। उन्होंने कर्मचारियों की हरकत को नजरअंदाज किया तो उन्होंने अश्लील इशारे करने शुरू कर दिए। पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने विरोध किया तो दोनों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए टेबल में लात मारकर उनका खाना भी गिरा दिया।
पहले कंपनी और फिर थाने पहुंचा मामला
पीड़ित सेल्स हेड ने कंपनी के अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस केस बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा। इसके बाद पिता के साथ कविनगर थाने पहुंचकर पीड़िता ने तहरीर दी। एसएचओ संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि छेड़छाड़ व धमकी का केस दर्ज आरोपी कर्मचारियों शुभम और सूरज को गिरफ्तार कर लिया गया है।