लड़के के नाम की आईडी बना
ब्लैकमेल कर रही थी सहेली
गाजियाबाद। नंदग्राम में सहेली द्वारा लड़के के नाम से फर्जी आईडी बनाकर स्नातक की छात्रा को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। राहुल नाम के युवक की आईडी को धमकी दी गई थी कि अगर पैसे नहीं दिए तो उसके फोटो अश्लील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर देेंगे। छात्रा ने जांच की तो धमकी देने वाला शख्स उसी की सहेली निकली, जिसने लड़के के नाम से फर्जी आईडी बना रखी थी। पुलिस ने सहेली के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रा का कहना है कि उसकी सहेली लड़कों के नाम से फर्जी आईडी बनाकर लड़कियों को अपने जाल में फंसाती है। वह प्यार भरी बातें कर शादी करने का झांसा देती है। उनसे उनकी निजी तस्वीरें लेकर ब्लैकमेल करना शुरू कर देती है। आरोप है कि सहेली तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर पैसे वसूलती है। छात्रा का कहना है उसके पास भी राहुल नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। इसके बाद चैटिंग शुरू हो गई। राहुल ने उसे प्यार के जाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और उसकी निजी तस्वीरें मांग लीं। इसके बाद तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकेलिंग शुरू कर दी। बाद में पता चला कि राहुल के नाम से सहेली ने ही फर्जी आईडी बना रखी थी। छात्रा का आरोप है कि विरोध करने पर सहेली ने धमकी दी कि वह उसकी लाश का पता भी नहीं चलने देगी।
सहेली के साथ उसके साथी भी शामिल
छात्रा का कहना है कि ब्लैकमेलिंग के धंधे में सहेली के साथ उसके साथी भी शामिल हैं। क्योंकि जिस मोबाइल नंबर से राहुल नाम का शख्स बात करता था, वह सहेली का निकला। एक दिन सहेली ने गलती से फोन उठा लिया था। पीड़ित छात्रा का आरोप है कि उसकी सहेली तीन बार शादी कर तलाक ले चुकी है। उसकी कुंडली खंगालने पर पता चला कि उसने कई लड़कों के नाम से फर्जी आईडी बना रखी है। सीओ द्वितीय अवनीश कुमार का कहना है कि पीड़िता की सहेली के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।