कोरोना संक्रमण से उबर रहा प्रॉपर्टी बाजार, जून में दोगुना रजिस्ट्री
गाजियाबाद। कोरोना की दूसरी लहर से उबरने के बाद अब जनजीवन पटरी पर लौट रहा है। कोरोना कर्फ्यू खुलने के बाद लोग कारोबारी संभावनाएं तलाशने में लगे हैं। रहने के लिए आशियाना और व्यापार के लिए दुकान तक खोजने में जुटे हैं। इसी का नतीजा है कि प्रॉपर्टी खरीदारों की संख्या में तेजी आई है। फ्लैट, प्लांट, दुकान से लेकर कृषि भूमि तक की खरीद में बीते साल के मुकाबले बढ़ोतरी देखी जा रही है। बैनामे (रजिस्ट्री) से जुड़े आंकड़े बता रहे हैं कि जून में 8329 लोगों ने संपत्ति खरीदी, जो 2020 की समान अवधि के मुकाबले दोगुना से अधिक है। इससे राजस्व प्राप्ति भी 83 करोड़ रुपये अधिक है।
संपत्ति खरीद के आंकड़ों से पता चलता है कि करीब 50 फीसदी लोगों ने फ्लैट खरीदे हैं। जबकि शेष खरीद आवासीय प्लाट, मकान, दुकान, औद्योगिक प्लॉट व कृषि भूमि की हुई है। कृषि भूमि खरीद के मामले में मोदीनगर तहसील लोगों की पहली पसंद है। जून में मोदीनगर क्षेत्र में 1220 बैनामे हुए हैं, जिनमें 400 से अधिक बैनामे कृषि भूमि के हैं। बाकी खरीद मोदीनगर शहरी क्षेत्र में मकान और दुकानों की हुई है। यहां पर फ्लैट के रूप में खरीद यहां पर सबसे कम हैं। फ्लैट खरीद के हिसाब से देखा जाए तो राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र सबसे अव्वल रहा है। सब रजिस्ट्रार द्वितीय के अधीन आने वाले इस क्षेत्र में 1517 बैनामे हुए, जिनमें 700 से अधिक रजिस्ट्री अकेले फ्लैट के तौर पर हुई है। सब रजिस्ट्रार चतुर्थ क्षेत्र में आने वाले इंदिरापुरम, वैशाली, वसुंधरा क्षेत्र में भी 1457 रजिस्ट्री हुईं, जिसमें 40 फीसदी फ्लैट की हैं।
लोनी क्षेत्र में भी फ्लैट की खरीद सबसे ज्यादा
लोनी तहसील मोदीनगर से अव्वल रही है। जून में 1691 लोगों से अपनी संपत्ति खरीदी, जिसमें फ्लैट की खरीद करीब 640 है। बाकी मकान, दुकान, व्यावसायिक और कृषि भूमि की खरीद हुई है। वहीं, राजेंद्रनगर, साहिबाबाद, भोपुरा, शालीमार गार्डन, हिंडन एयरपोर्ट से सटे क्षेत्र में भी खरीद बढ़ी है। सब रजिस्ट्रार तीन कार्यालय में आने वाले इस क्षेत्र में भी 1042 रजिस्ट्री हुई हैं, जिनमें 450 से अधिक फ्लैट खरीदे गए हैं।
सब रजिस्ट्रार कार्यालय प्रमुख क्षेत्र बैनामे जून 2021 बैनामे जून 2020
प्रथम नेहरू नगर, सदर व मॉडल टाउन 929 451
द्वितीय राजनगर, राजनगर एक्सटेंशन, संजय नगर 1518 708
तृतीय राजेंद्र नगर, शालीमार गार्डन, भोपुरा 1042 449
चतुर्थ इंदिरापुरम, वैशाली, वसुंधरा 1457 609
पंचम शास्त्रीनगर, वेव सिटी, गोविंदपुरम 472 266
मोदीनगर संपूर्ण तहसील क्षेत्र 1220 757
लोनी संपूर्ण तहसील क्षेत्र 1691 773
कुल रजिस्ट्री सभी क्षेत्र 8329 4013
कुल राजस्व वसूली
महीना राजस्व (रुपये में)
जून 2020 68.97 करोड़
जून 2021 151.54 करोड़
कुल अंतर 83.54 करोड़ रुपये अधिक
कोट
लोग पैसा सुरक्षित करना चाहते हैं
कोरोना कर्फ्यू के बाद 31 मई से सरकार ने स्टांप एवं निबंधन कार्यालयों को खोलने की अनुमति दी। पहला दिन सामान्य रहा, लेकिन जून में बड़ी संख्या में लोग रजिस्ट्री कराने के लिए पहुंचे। इससे पता चलता है कि लोग अब जमीन व आवास खरीद में अपना पैसा लगातार सुरक्षित करना चाहते हैं।
- केके मिश्रा, सहायक आयुक्त स्टांप
रेडी टू मूव फ्लैट्स की बिक्री ज्यादा
अब देखने में आ रहा है कि बाजार में संपत्ति के खरीदार हैं। कुछ लोग सस्ते के चलते रीसेल में भी फ्लैट खरीद रहे हैं, लेकिन बड़ी संख्या ऐसे ग्राहकों की है जो रेडी टू मूव (तैयार) फ्लैट खरीदना चाहते हैं। इसलिए जिन भी बिल्डर्स के प्रोजेक्ट पूरे हैं अब उन्हें आसानी से अपने बचे हुए फ्लैट को निकालने में मदद मिल रही है।
- तान्या सिंह, मार्केटिंग हैड, वासु इंफ्रास्ट्रेक्टर ग्रुप