घंटों इंतजार पर भी नहीं लगा टीका, भड़के लोग
हापुड़। कोरोना वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाने का कई दिनों से इंतजार कर रहे लोगों की भारी भीड़ शनिवार को कोठीगेट अस्पताल में उमड़ पड़ी। करीब 500 लोगों को वैक्सीन मिलने के बाद भी यहां सैकड़ों लोग खड़े रह गए। घंटों इंतजार के बाद भी जब वैक्सीन नहीं लगी तो लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। चिकित्सकों ने रिकॉर्ड रूम बंद कर लोगों से घर जाने की अपील की। लोग हंगामा करते रहे तो पुलिस ने व्यवस्था बनाने के लिए सख्ती की।
जिले में एक सप्ताह से वैक्सीन की कमी चल रही है। दूसरा डोज लगवाने अस्पताल पहुंचने वालों को चिकित्सक कई दिन से अगले दिन आने की बात कह रहे थे। शनिवार को सैकड़ों लोग टीकाकरण के लिए कोठीगेट स्थित पीपीसी अस्पताल पहुंच गए। लोग अपनी बारी के लिए पहले डोज के वक्त मिले कार्ड जमा कराने लगे।
इस अस्पताल के बूथों पर दूसरे टीके के लिए 500 डोज की व्यवस्था कराई गई थी जो कुछ देर मेें ही खत्म हो गई। ऐसे में कार्ड जमा करने के बावजूद वैक्सीन नहीं लगने पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने व्यवस्था बनाने के लिए सख्ती की। इस दौरान अस्पताल परिसर में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमी रही। हालांकि पुलिस के आने के बाद लोग अपने घरों को लौटने लगे।
जिले में 18 बूथों पर लगे 3050 टीके
शनिवार को जिले के समस्त 18 बूथों पर 3050 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें 45 साल से ऊपर के 1650 लोग शामिल रहे, जबकि शेष लोग 18 से 44 उम्र वाले रहे।
दूसरे डोज वालों के सामने संकट
शासन द्वारा कोविशील्ड वैक्सीन से टीकाकरण के दो टीकों में 84 दिन का अंतराल रखा गया है। पहले यह अंतराल सिर्फ 28 दिन का था। ऐसे में तीन महीने से इंतजार कर रहे लोगों का सब्र टूट रहा है, वह जल्द से जल्द वैक्सीन लगवाना चाहते हैं, यही कारण है कि आए दिन दूसरी डोज लगवाने को लेकर हंगामा होता रहता है।
परेशान न हों, सबको लगेगा टीका
वैक्सीन की उपलब्धता के अनुसार ही बूथों पर टीके लगाए जा रहे हैं। लोग परेशान न हों, सभी को टीके लगाए जाएंगे। जल्द ही वैक्सीन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हो जाएगी।--डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ।