पुलिस को कदम-कदम पर गुमराह करता आ रहा ट्विटर
गाजियाबाद। बुजुर्ग की दाढ़ी काटने के मामले में केस दर्ज होने के बाद से ट्विटर द्वारा पुलिस को गुमराह किया जा रहा है। कैलिफोर्निया स्थित ट्विटर मुख्यालय के साथ-साथ ट्विटर इंडिया भी पुलिस को अपनी बातों में उलझाता रहा। कभी ट्वीट पर नियंत्रण न होने की बात कही गई तो कभी थाने पेश होने की बजाय वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये सुनवाई का प्रस्ताव रखा गया। थाने आने के लिए भी दो बार मेसेज भिजवाया, लेकिन फिर ट्विटर इंडिया के एमडी थाने नहीं पहुंचे।
ट्विटर ने पुलिस को ऐसे किया गुमराह
भड़काऊ ट्वीट डिलीट न करने को लेकर पुलिस ने 16 जून अमेरिका स्थित ट्विटर मुख्यालय को नोटिस भेजकर भड़काऊ ट्वीट करने वाले आरोपियों की डिटेल समेत 12 बिंदुओं पर जानकारी मांगी थी। दो दिन बाद ट्विटर ने जवाब दिया कि पुलिस को यह जानकारी ट्विटर आईएनसी के जरिये मिलेगी। इसके बाद पुलिस ने ट्विटर आईएनसी को ई-मेल भेजी।
पुलिस ने 17 जून को ट्विटर इंडिया के एमडी को नोटिस भेजकर एक सप्ताह में थाने आकर बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए। एमडी कार्यालय से 18 जून को स्पष्टीकरण भेजा गया, जिसमें उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये प्रक्रिया पूरी करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही हवाला दिया कि लोगों के ट्वीट पर उनका कोई नियंत्रण नहीं है। पुलिस ने ट्विटर इंडिया की दोनों शर्तों को खारिज कर दिया।
- एमडी ने मंगलवार सुबह अधिवक्ता के जरिये पुलिस को मेसेज भिजवाया कि वह बुधवार को थाने पहुंचकर बयान दर्ज कराएंगे, लेकिन चंद घंटों बाद ही प्लान बदल दिया।
- मंगलवार को ही रात साढ़े 11 बजे अधिवक्ता ने फिर से पुलिस से संपर्क किया। कहा कि एमडी मनीष माहेश्वरी बुधवार को नहीं, बल्कि बृहस्पतिवार को पहुंचेंगे। लेकिन वह बृहस्पतिवार को थाने पहुंचने की बजाय कर्नाटक हाईकोर्ट पहुंच गए।
- अधिवक्ता ने पुलिस से कहा कि जब मनीष माहेश्वरी दिल्ली पहुंच जाएंगे तो पुलिस को सूचित कर दिया जाएगा। पुलिस इंतजार करती रही, लेकिन कोई सूचना नहीं मिली। पुलिस ने ही अधिवक्ता को फोन किया तो एमडी द्वारा कोर्ट जाने का पता चला।
गिरफ्तारी के डर से कोर्ट का सहारा लेने की चर्चा
बुजुर्ग की दाढ़ी काटने के मामले ने तूल पकड़ा था। ट्विटर पर ट्रेंड हुए वीडियो में धार्मिक नारेबाजी न लगाने पर बुजुर्ग की दाढ़ी काटने का आरोप लगाया गया था। कुछ लोगों ने इसके जरिये माहौल माहौल खराब करने की कोशिश भी की थी। पुलिस के खंडन के बावजूद भड़काऊ ट्वीट डिलीट नहीं किए गए, जिसके चलते ही ट्विटर के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। चर्च है कि गिरफ्तारी के डर से ही ट्विटर इंडिया के एमडी पुलिस के सामने पेश नहीं हुए और कोर्ट का सहारा लिया।
इनसेट......
थाने के बाहर लगा वाहनों का जमावड़ा, लगा जाम
एमडी के पहुंचने की सूचना पर भारी संख्या में मीडियाकर्मी लोनी बार्डर थाने पहुंच गए थे। थाने के बाहर गाड़ियां खड़ी होने पर दिल्ली-सहानपुर मार्ग पर जाम लग गया। सुबह से लेकर शाम तक मार्ग पर जाम की समस्या बनी रही। कुछ पुलिसकर्मी जाम को खुलवाने में जुटे रहे।