लापरवाही से फंसी पासपोर्ट की 12800 फाइल, नोटिस जारी
गाजियाबाद। नियमों की अनदेखी और लापरवाही के कारण बड़ी संख्या में लोगों के पासपोर्ट नहीं बन सके हैं। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) से संबद्ध गाजियाबाद सहित 13 जनपदों के पासपोर्ट आवेदकों की 2020 की बड़ी संख्या में फाइलें रुकी हुई हैं। ऐसे में रुकी हुई फाइलों के जल्द समाधान के लिए 12800 पासपोर्ट आवेदकों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस में आवेदकों को आवेदन संबंधी कमियों को दूर करने के साथ कार्यालय से संपर्क कर समस्या का निदान कराने की हिदायत दी गई है। आरपीओ गाजियाबाद की पहल का आगरा, अलीगढ़, बागपत, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, हाथरस, मथुरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, हापुड़, शामली, सहारनपुर के पासपोर्ट आवेदकों को लाभ मिलेगा।
पुलिस रिपोर्ट विपरीत आने के सर्वाधिक 4150 मामले
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के मुताबिक 2020 में आवेदन के बाद फंसी 12800 फाइलों में से सर्वाधिक 4150 मामले पुलिस रिपोर्ट विपरीत आने के हैं। पुलिस वेरिफिकेशन के दौरान मौजूद न होने, दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाने के साथ अन्य कारणों से पुलिस की ओर से अपनी विपरीत रिपोर्ट सबमिट की गई। ऐसे में आवेदन के बाद लोग समस्या का समाधान कराना ही भूल गए। दूसरे नंबर पर सर्वाधिक 3500 मामले दस्तावेजों की कमियों से जुड़े हुए हैं। इनमें जन्मतिथि के लिए 10वीं सर्टिफिकेट व अन्य प्रमाणपत्र न लगाने, तत्काल पासपोर्ट में तीन फोटो अन्य फोटो आईडी न लगाने सहित अन्य मामले हैं। बाकी मामले भूलवश आवेदन में नाम, जन्मतिथि, माता-पिता का नाम, पता गलत भर दिए जाने के कारण बड़ी संख्या में फाइलें रुकी हुई हैं। वहीं, आवेदन के वक्त एक्सपायर पासपोर्ट की जानकारी नहीं देने, पुराने आवेदन के बाद फिर से नया आवेदन करने के भी कई मामले सामने आए हैं।
----
दूसरी लहर में 2019 की 18 हजार रुकी फाइलों का समाधान
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने विभिन्न कारणों से फंसी 2019 की करीब 18 हजार पासपोर्ट फाइलों का समाधान किया। कोरोना की दूसरी लहर में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी सुब्रतो हाजरा सहित पांच लोगों की सीमित टीम ई-मेल सहित विभिन्न माध्यमों से लोगों से संपर्क कर तकनीकी दिक्कतों में फंसी फाइलों का समाधान किया। पुराने फाइलों में सबसे ज्यादा मामले पुलिस वेरिफिकेशन रिपोर्ट विपरीत आने, शैक्षिक व अन्य दस्तावेजों की कमियों और एक्सपायर हो चुके पुराने पासपोर्ट की जानकारी नहीं देने से जुड़े हुए थे।
----
कोट...
विभिन्न कमियों के चलते 2020 की 12800 फाइलें रुकी हुई हैं। ऐसे में पुरानी फाइलों की समस्याओं के निदान के लिए आवेदकों को नोटिस जारी किए गए हैं। रुकी हुई फाइलों में अधिकांश मामले पुलिस वेरिफिकेशन और दस्तावेजों की कमी से जुड़े हुए हैं। -- सुब्रतो हाजरा, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी
----
पासपोर्ट आवेदक इन बातों का रखें ध्यान:
- सामान्य आवेदन में एक व तत्काल पासपोर्ट आवेदन में तीन फोटो आईडी लगाएं
- आवेदन करते वक्त अपना नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, पता जरूर जांच लें
- जन्मतिथि के लिए 10वीं का शैक्षिक दस्तावेज जरूरी लगाएं
- नए पासपोर्ट आवेदन के वक्त पुराने एक्सपायर पासपोर्ट व फाइल की जानकारी जरूर दें
----