आज से हर उम्र का एक पंजीकरण, फिलहाल क्लस्टर योजना रोकी
गाजियाबाद। जिले में एक दिन वैक्सीनेशन रुकने के बाद बुधवार को डोज आ गईं। बृहस्पतिवार को नई टीकाकरण नीति (हर उम्र का एक पंजीकरण व एक वैक्सीन) लागू होगी। वैक्सीन की कमी के कारण क्लस्टर योजना फिलहाल रोक दी गई है। तेज होने में एक सप्ताह का वक्त लग सकता है। एक जुलाई को 20 केंद्रों पर 8700 लोगों को टीका लगेगा। केंद्रों की संख्या 135 तक पहुंच चुकी है। एक दिन में अधिकतम 28729 डोज 25 जून की लगाई जा चुकी हैं।
करनाल से वैक्सीन की 1.50 लाख डोज सीधे मेरठ पहुंचेंगी। वहां से जिलों को वितरित की जाएगी। फिलहाल अभी कुछ दिन तक सीमित संख्या में टीकाकरण अभियान चलेगा। अगले सप्ताह से पूरी वैक्सीन की डोज मिलने पर अभियान में तेजी आने की संभावना है। पिछले तीन दिनों से वैक्सीन की कमी बनी हुई है। बुधवार को जिले में वैक्सीन न होने से कोरोना रोधी टीकाकरण अभियान पूरी तरह से बंद था। लोगों को कोई जानकारी न मिलने के कारण टीकाकरण केंद्रों पर सुबह से ही पहुंचने लगे थे। वैक्सीन न होने के कारण अधिकांश लोग वापस लौट गए।
आज से लागू होने थी क्लस्टर योजना
बृहस्पतिवार से वैक्सीनेशन की नई पॉलिसी के तहत क्लस्टर योजना के तहत बड़ी संख्या में वैक्सीनेशन की प्लानिंग की गई थी, लेकिन पर्याप्त टीके न मिलने के कारण प्लानिंग रोक दी गई है। क्लस्टर योजना के तहत जिले को 4 ब्लॉक और छह क्षेत्र के अलावा 144 क्लस्टर में बांट कर प्लानिंग की गई है। इसमें 355 टीमें लगाई गई हैं। महाभियान के तहत प्रतिदिन 50 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य बनाया गया था। वैक्सीन न मिलने के कारण पूरी योजना धरी की धरी रह गई है।
नहीं हुआ टीकाकरण
जिले में बुधवार को सरकारी स्तर पर किसी भी केंद्र पर टीकाकरण नहीं हुआ। अधिकांश केंद्रों पर कर्मचारी वैक्सीन लगवाने पहुंचे लोगों को वापस लौटा रहे थे। वैक्सीन न होने से स्वास्थ्य विभाग ने पहले से ही तय किया था कि बुुधवार को टीकाकरण नहीं होगा, लेकिन लोगों को जानकारी नहीं मिल पाई, इसलिए केंद्रों पर भटकते रहे। नगर निगम, महिला अस्पताल, घंटाघर रामलीला मैदान, संयुक्त अस्पताल, नगरीय स्वास्थ्य केंद्र शास्त्रीनगर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोदीनगर, डासना, मुरादनगर, खोड़ा, मकनपुर, मान सरोवर भवन में काफी संख्या में लाभार्थी टीकाकरण के लिए पहुंचे थे।
अब तक का टीकाकरण - 1007212
पहली डोज - 872624
दूसरी डोज - 134588
पिछले एक सप्ताह में टीकाकरण
29 जून - 4814
28 जून - 10057
27 जून - अवकाश
26 जून - 21347
25 जून - 28729
24 जून - 28531
23 जून - 19680
वाहन करनाल से 1.50 लाख डोज वैक्सीन लाने गया है। वह पूरी डोज मेरठ ले जाएगा, वहां जो भी वैक्सीन मिलेगी, उसे शुक्रवार से शुरू किया जाएगा। अभी 8700 डोज मिली हैं, उसे बृहस्पतिवार को 20 केंद्रों पर लगाया जाएगा। फिलहाल क्लस्टर योजना को रोक दिया गया है।
डॉ. एनके गुप्ता, सीएमओ