स्कूल के पास वेंडिंग जोन बनाने पर हाईकोर्ट की रोक
गाजियाबाद। कन्या वैदिक स्कूल के पास वेंडिंग जोन बनाए जाने पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। डूडा और नगर निगम की ओर से दो स्कूलों के पास बनाए जा रहे इस वेंडिग जोन के खिलाफ कन्या वैदिक विद्यालय एसोसिएशन के प्रबंधक की ओर से याचिका दाखिल की गई थी। अब नगर निगम और डूडा हाईकोर्ट में जवाब दाखिल करेंगे।
नगर निगम और डूडा ने स्थानीय लोगों और कई पार्षदों के विरोध के बावजूद कन्या वैदिक स्कूल व सरकारी प्राइमरी स्कूल की दीवार से सटाकर लोहे के बड़े-बड़े खोखे लगवा दिए हैं। डूडा ने यहां 60 खोखे रखवाकर वेंडिग जोन बनाने का निर्णय लिया है। पूर्व में मेयर आशा शर्मा, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर, क्षेत्रीय पार्षद राजीव शर्मा इस वेडिंग जोन का उद्घाटन भी कर चुके हैं। कन्या वैदिक स्कूल की एसोसिएशन की ओर से वेंडिंग जोन बनाने का विरोध किया गया था, लेकिन डूडा ने उनकी शिकायत अनदेखी कर दी। इसके बाद स्कूल एसोसिएशन के प्रबंधक शरद कुमार गर्ग की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। बुधवार को इस याचिका पर सुनवाई ह्रुई। कोर्ट ने फिलहाल वेंडिंग जोन बनाने के काम पर रोक लगा दी है। याचिकाकर्ता शरद कुमार गर्ग का कहना है कि डूडा और नगर निगम ने वेंडिंग जोन बनाने में नियमों और मानकों का पालन नहीं किया है। इसके बाद उन्होंने शासन, नगर निगम और डूडा के खिलाफ याचिका दाखिल की थी।
भाजपा पार्षद हिमांशु मित्तल ने भी दाखिल की याचिका
कन्या वैदिक स्कूल के पास बनाए जा रहे वेंडिंग जोन के साथ-साथ डूडा की ओर से पांच स्थानों पर प्रस्तावित किए गए सभी वेंडिंग जोन के खिलाफ भाजपा पार्षद हिमांशु मित्तल ने भी हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। उन्होंने वसुंधरा, नवयुग मार्केट, शास्त्री नगर समेत कई अन्य स्थानों पर बनाए जाने वाले वेंडिंग जोन में भी नियमों का पालन न किए जाने का आरोप लगाया है।