एमबीबीएस के छात्रों से लूटी चेन, विरोध पर चलाई गोलियां
गाजियाबाद। थाना विजयनगर क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने दोस्त के साथ चाय पीने खोके पर गए एमबीबीएस छात्र से चेन लूट ली। इसके बाद बदमाशों ने दोनों पर गोलियां भी चलाईं, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। वारदात से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
ब्रह्मपुत्र एनक्लेव सेक्टर 10 सिद्धार्थ विहार में रहने वाले राहुल और धीरज संतोष मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। राहुल ने बताया कि वह धीरज के साथ कार से पास के ही खोखे पर चाय पीने के लिए आए थे। चाय पीने के बाद जब वह गाड़ी में बैठ रहे थे तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और उनके गले से चेन झपट ली। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्होंने धीरज के साथ बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने एक के बाद एक करके तीन गोलियां चलाई। जिसमें वह बाल-बाल बच गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। उधर, फायरिंग से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई । पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रही है। इसके साथ ही तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। लोगों ने बताया कि इन दिनों सिद्धार्थ विहार और उसके आसपास के इलाकों में बदमाशों का आतंक जारी है। दो दिन पूर्व भी चेन लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया गया था। पुलिस के गश्त करने के बाद भी बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का कहना है कि मेडिकल के आसपास पुलिस की गश्त रहनी चाहिए। यहां आए दिन लूटपाट चेन स्नेचिंग की घटनाएं होती रहती हैं। उसके बाद भी पुलिस यहां देखने को नहीं मिलती है। स्थानीय लोग कई बार मांग कर चुके हैं।