इंदिरापुरम में मेट्रो विस्तार के लिए सीएम से करेंगे मांग
साहिबाबाद। इंदिरापुरम में मेट्रो के विस्तार की मांग के लिए पार्षद संजय सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही लखनऊ रवाना होगा। वहां सीएम को ज्ञापन सौंपकर लोगों की सुविधा के लिए मेट्रो को नोएडा से मोहन नगर तक लाने की मांग की जाएगी। शनिवार को शिप्रा सनसिटी सोसायटी में लोगों ने बैठक की। इसके बाद पार्षद ने बीजेपी नेता नीरज सिंह को ज्ञापन सौंपकर मेट्रो विस्तार का मुद्दा लखनऊ में उठाने की मांग की।
मेट्रो फेज- 3 में वैशाली से मोहन नगर तक मेट्रो विस्तार होगा। पहले तय किया गया था कि फेज-3 में नोएडा से मोहन नगर तक मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी। उसे जीडीए ने अब वैशाली से आगे बढ़ाकर मोहन नगर तक लाने का निर्णय लिया है। पार्षद संजय सिंह का कहना है कि प्रति वर्ष जीडीए और नगर निगम को इंदिरापुरम से करीब 39 करोड़ रुपये का राजस्व मिलता है। इसके बाद भी इंदिरापुरम के लोगों को मेट्रो की सुविधा से वंचित किया जा रहा है। इस बाबत स्थानीय लोगों ने बैठक की। इसमें इंदिरापुरम के भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। इस बीच एक कमेटी का गठन किया गया, जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह से मुलाकात करेगी। सभी से कमेटी के पदाधिकारी इंदिरापुरम में मेट्रो के विस्तार की मांग करेंगे। इधर बैठक के बाद पार्षद ने केंद्रीय रक्षा मंत्री के बेटे और भाजपा नेता नीरज सिंह से मुलाकात की। पार्षद ने ज्ञापन सौंपकर उनसे मेट्रो के मुद्दे को लखनऊ तक उठाने की मांग की। फिलहाल बैठक में नवनीत मित्तल, सुनील शर्मा, मंजुला, मनीष, अजय शुक्ला, सलेख चंद्र त्यागी, अविनाश त्यागी के अलावा अन्य लोग मौजूद रहे।