-------------
किसानों ने आविप कार्यालय के
बाहर ई-कचरा डाल जताया विरोध
- ट्रॉनिका सिटी में ई-कचरा डाले जाने और जलाने का किया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
लोनी। आश्वासन मिलने के दो दिन बाद भी आवास विकास की जमीन पर लगे ई-कचरे के ढेर का समाधान नहीं होने पर शनिवार को मंडोला समेत अन्य गांवों के किसानों ने आविप कार्यालय के बाहर ई-कचरा डाला। किसानों ने आवास विकास के खिलाफ प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने किसानों को शांत कराया और जल्द समाधान की बात कहीं।
ट्रॉनिका सिटी आवास विकास की जमीन पर ई-कचरा डालने और जलाने के मामले में अधिकारियों की अनदेखी के चलते शनिवार को किसानों का गुस्सा फिर से फूट पड़ा। बड़ी संख्या में किसान दोपहर करीब दो बजे आविप कार्यालय में पहुंचे। किसानों ने ट्रॉलियों से ई-कचरा भरकर कार्यालय परिसर के बाहर डालकर विरोध प्रकट किया। किसान नेता नीरज त्यागी ने बताया कि दो दिन पूर्व उनके द्वारा ई-कचरे के विरोध में प्रदर्शन किया गया था। आवास विकास के अधिकारियों ने दो दिनों में ई-कचरा हटवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन दो दिन के भीतर कचरा नहीं हटवाया गया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात को भी किसी ने ई-कचरे में आग लगाई थी, जिससे किसानों को सांस लेने में परेशानी हुई। वहीं हंगामे की सूचना पर पहुंचे ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस और आविप अधिकारी ने किसानों को सांत कराया। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान लौटे।