स्कूल के बाहर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़, विरोध पर भाई को पीटा
गाजियाबाद। विजयनगर में भाई के सामने से ही मनचले ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने दस साथियों के साथ मिलकर छात्रा के भाई पर हमला कर दिया और उसकी बाइक भी तोड़ डाली। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अभय यादव और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
विजयनगर के मिर्जापुर निवासी पीड़ित पिता का कहना है कि उनकी बेटी निजी स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ती है। बेटी जब भी स्कूल जाती है तो रास्ते में कुछ आवारा लड़के उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं। रास्ता रोककर उसके साथ छींटाकशी करते हैं और मोबाइल पर बात करने का दबाव डालते हैं। मनचलों की हरकतों से तंग आकर बेटी ने घर आकर आपबीती बताई। इस पर 25 नवंबर को उनका बेटा अपनी बहन को लेने स्कूल गया था। आरोप है कि छुट्टी के बाद स्कूल के गेट पर खड़े अभय यादव ने उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
छात्रा चिल्लाती रही, मदद को कोई नहीं आया आगे
पीड़ित पिता का कहना है कि उनके बेटे ने बहन से छेड़छाड़ का विरोध किया तो अभय यादव ने अपने दस साथी बुला लिए और फिर बेटे पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने उनके बेटे की बाइक भी तोड़ डाली। इस दौरान उनकी बेटी चिल्लाते हुए भाई को बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। घटना के बाद आरोपी हत्या की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सीओ प्रथम महीपाल सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर आरोपी जेल भेजे जाएंगे।