स्नैपडील की रिसर्च एनालिस्ट के साथ चलते ऑटो में लूट
मसूरी। एनएच-9 स्थित डासना में स्नैपडील की रिसर्च एनालिस्ट के साथ ऑटो चालक व उसके साथियों ने लूटपाट की। बुधवार रात नोएडा से घर लौट रही युवती से नगदी, मोबाइल व जेवर लूटने के बाद बदमाश उसे ऑटो से फेंककर फरार हो गए। मसूरी स्टैंड पर पहुंचकर पीड़िता ने भाई को फोन करके जानकारी दी। घटना के बाद पीड़िता सदमे में है। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
डासना की माता कॉलोनी निवासी रामकिशन शर्मा की पुत्री कात्यानी (28) स्नैपडील के नोएडा सेक्टर-59 स्थित कार्यालय में रिसर्च एनालिस्ट हैं। बुधवार शाम करीब 6 बजे कात्यानी ऑफिस से एबीएस कट के लिए चलीं। एबीएस कट पर उतकर डासना के लिए ऑटो में बैठीं। ऑटो चालक अकेली कात्यानी के बैठते ही ऑटो लेकर चल दिया। आरोप है कि मसूरी थानाक्षेत्र में रॉयल कॉलेज के सामने पहुंचने पर चालक ने ऑटो की गति धीमी कर ली। कात्यानी कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बाइक पर दो लड़के आए और उनमें से एक ऑटो में आकर बैठ गया। कुछ दूर चलते ही युवक ने कात्यानी का मोबाइल लूट लिया।
पर्स, जेवर लूटकर डेंटल कॉलेज के पास फेंका
पीड़िता के मुताबिक ऑटो चालक व युवक उसे डरा-धमकाकर मसूरी की तरफ ले आए और उससे पर्स लूट लिया। पर्स में 1500 रुपये, एटीएम कार्ड व अन्य दस्तावेज थे। इसकेबाद बदमाशों ने उनसे सोने का कड़ा, सोने-चांदी की दो अंगूठी लूट लीं। लूटपाट के बाद बदमाश शाम करीब साढ़े 7 बजे कात्यानी को एनएच-9 स्थित बांके बिहारी डेंटल कॉलेज के पास फेंककर हापुड़ की तरफ फरार हो गए।
दहशत इतनी कि ड्यूटी भी नहीं गई
कात्यानी जैसे-तैसे मसूरी स्टैंड पर पहुंची किसी राहगीर से फोन करकेभाई कुलदीप को बुलाया। घटना की जानकारी लेकर कुलदीप ने मसूरी थाने जाकर तहरीर दी। कुलदीप का कहना है कि घटना से उसकी बहन इतनी डर गई है कि ड्यूटी भी नहीं गई। एसएचओ नरेश कुमार सिंह का कहना है कि थानाक्षेत्र में ऐसी कोई घटना जानकारी में नहीं आई है।