नौ वर्षीय बास्केटबॉल खिलाड़ी से गार्ड ने की छेड़छाड़, मुकदमा
गाजियाबाद। बास्केटबॉल की कोचिंग से लौट रही 9 वर्षीय खिलाड़ी के साथ सोसायटी के गार्ड द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना बुधवार देर शाम राजनगर एक्सटेंशन स्थित सोसायटी में हुई। बच्ची गार्ड की हरकतों को समझते हुए वहां से भाग निकली और परिजनों को जाकर आपबीती बताई। परिजनों की तहरीर पर सिहानी गेट पुलिस ने छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर राजनगर एक्सटेंशन की एक सोसायटी में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी 9 वर्षीय बेटी कक्षा चार में पढ़ती है और बास्केटबॉल की खिलाड़ी है। सॉफ्टवेयर इंजीनियर के मुताबिक बुधवार शाम को उनकी बेटी बास्केटबॉल की कोचिंग के लिए गई थी। वापस लौटते समय सोसायटी के गार्ड नवनीत ने उसे रोक लिया। आरोप है कि शुरूआत में तो गार्ड उनकी बेटी से परिवार और पढ़ाई व कोचिंग के बारे में बात की और बाद में गलत तरीके से छूना शुरू कर दिया। बच्ची जाने लगी तो गार्ड ने उसे बातों में लगाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन उसकी हरकतों को समझकर बच्ची वहां से चली गई। घर जाकर उसने परिजनों को गार्ड की हरकतों के बारे में बताया।
गार्ड फरार, कंपनी से जानकारी जुटा रही पुलिस
परिजनों ने सोसायटी के पदाधिकारियों से घटना बताई तो पता लगने पर गार्ड मौके से फरार हो गया। एसएचओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बच्ची के पिता की तहरीर पर आरोपी गार्ड नवनीत के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 व 354क के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी गार्ड की तलाश की जा रही है। सिक्योरिटी कंपनी से गार्ड के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।