वैशाली में कार सवार दो युवकों को साथी नेे गोलियों से भूनकर मार डाला
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थानाक्षेत्र के वैशाली सेक्टर-3 में गोली मारकर मौत के घाट उतारे गए दोनों युवक व हत्याकांड को अंजाम देने वाला आरोपी एंब्रोसिया पैलेस में मेहंदी रस्म में शामिल होने आए थे। वहां किसी बात को लेकर उनमें विवाद हुआ, जिसके बाद एक युवक ने गोलियां बरसाकर दो साथियों को मौत के घाट उतार दिया। मृतकों की शिनाख्त विक्रम व आनंद के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान की जा रही है। डबल मर्डर की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। एसएसपी सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
वैशाली सेक्टर-3 में क्लाउड-9 सोसायटी के पास एंब्रोसिया पैलेस है। यहां शनिवार रात मेहंदी कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में शामिल तीन युवक रात करीब पौने 12 बजे एंब्रोसिया पैलेस के बाहर आए और खड़े होकर बातचीत करने लगे। बताया जा रहा है कि देखते ही देखते युवकों में बहस और फिर गाली-गलौज शुरू होने लगी। इसके बाद दो युवक आपस में उलझने लगे तो तीसरे ने बीच-बचाव की कोशिश की। एक बार को मामला शांत हो गया, लेकिन थोड़ी ही देर बाद एक युवक तैश में आया और बाकी दोनों साथियों पर पिस्टल से गोली मार दी।
घटना के बाद पैदल भागा हत्यारा, कैमरे में कैद
दोनों साथियों की हत्या करने के बाद आरोपी युवक पैदल ही भाग निकला। मौकेपर पहुंचे एसएसपी सुधीर कुमार सिंह, एसपी सिटी मनीष मिश्र व अन्य अधिकारियों ने मौका-मुआयना के बाद सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो हत्यारोपी भागता हुआ कैद मिला।
इनोवा कार से फ्लैशर लाइट, इंस्पेक्टर का आई कार्ड बरामद
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की सफेद रंग की इनोवा कार एंब्रोसिया पैलेस के बाहर पार्किंग में खड़ी मिली है। गाड़ी हाल ही में खरीदी गई है, क्योंकि उस पर टेंपरेरी नंबर दर्ज है। कार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कार से पुलिस के अधिकारियों की गाड़ियों पर लगाई जाने वाली फ्लैशर लाइट, जिले से बाहर केपुलिस इंस्पेक्टर का आईकार्ड, महंगी शराब की बोतल बरामद हुई हैं।
एक मृतक से लाइसेंसी पिस्टल बरामद
एसएसपी ने बताया कि एक मृतक के पास से लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुई है। डबल मर्डर किस बात को लेकर किया गया, पुलिस इसके बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर मामले की जांच की जा रही है।
शादी में बनी वीडियो की हो रही जांच
घटना के बाद इंदिरापुरम पुलिस बैंक्वेट हॉल के दोनों गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों खंगालने में जुट गई। इसके अलावा बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह में आए वीडियोग्राफर व फोटोग्राफर भी रात एक बजे वापस बुला लिए गए। पुलिस ने द्वारा बनाई गई वीडियो देखी।
विक्रम के नाम का पैनकार्ड मिला
मृतकों की तलाशी के दौरान पिस्टल के अलावा इनोवा कार की चाबी भी मिली, उसकेबाद कार को खोलकर तलाशी ली गई। कार में विक्रम के नाम का पैनकार्ड मिला है। इसके अलावा कुछ दस्तावेज मिले हैं, जिनकी पड़ताल भी पुलिस के द्वारा की जा रही है।