शराब पी रहे सुरक्षा कर्मियों ने सुपरवाइजर पर हमला बोला
गाजियाबाद। ड्यूटी के दौरान शराब पी रहे तीन सुरक्षा कर्मियों ने चेकिंग पर निकले सुपरवाइजर पर हमला बोल दिया। घटना कविनगर थाना क्षेत्र में गत आठ अक्तूबर की रात अर्बन होम सोसायटी में हुई। सिक्योरिटी कंपनी के एरिया ऑफिसर की तहरीर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिक्योरिटी कंपनी के एरिया ऑफिसर पंकज त्यागी का कहना है कि हापुड़ देहात निवासी युद्धवीर, उसका बेटा ललित चौहान और सोनू उनकी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड हैं। विजयदशमी की रात को सुपरवाइजर उदयवीर सिंह अर्बन होम सोसायटी में निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उक्त तीनों सिक्योरिटी गार्ड शराब पीते हुए मिले। आरोप है कि सुपरवाइजर ने तीनों को डांटते हुए बाहर जाने को कहा तो तीनों ने उस पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से पीटने के अलावा जूतों से हमला किया। हमले में उदयवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोरशराबा होने पर सोसायटी के लोग आ गए, जिन्हें देखकर आरोपी फरार हो गए। पंकज त्यागी का कहना है कि गंभीर रुप से घायल उदयवीर सिंह को यशोदा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें अपोलो और फिर शारदा हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। एसएचओ अनिल कुमार शाही का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।