अभिनंदन के भरते ही उड़ान, दर्शकों के जोश में आया
-बालाकोट स्ट्राइक में शामिल 9वीं व अभिनंदन की 51वीं स्क्वाड्रन हुई सम्मानित
- एयर शो में अभिनंदन ने मिग-21 बाइसन से भरी उड़ान, तालियों से हुआ स्वागत
प्रद्युम्न उपाध्याय
गाजियाबाद। भारतीय वायु सेना की 87वीं वर्षगांठ पर धरती से लेकर आसमान तक बालाकोट एयर स्ट्राइक के वीर सपूत और पाकिस्तान के लड़ाकू विमान को जमींदोज करने वाले विंग कमांडर अभिनंदन की शौर्य गाथा गूंजी। देश का मान बढ़ाने वाले वीर सपूतों का हर किसी ने दिल खोलकर स्वागत किया। एयरफोर्स दिवस पर बालाकोट स्ट्राइक में शामिल नौवीं स्क्वाड्रन और अभिनंदन की 51वीं स्क्वाड्रन को एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने सम्मानित किया। वहीं, बालाकोट स्ट्राइक में शामिल पायलटों को युद्ध सेवा मेडल से नवाजा गया।
एयरफोर्स डे में बालाकोट स्ट्राइक के वीर अभिनंदन वर्धमान हर ओर छाए रहे। परेड के बाद शुरू हुए एयर शो में जैसे ही विंग कमांडर अभिनंदन ने मिग-21 बाइसन से उड़ान भरी तो आसमान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। एयर शो में मिग-21 बाइसन के दल का नेतृत्व अभिनंदन ने ही किया। बता दें कि वायु सेना के पायलट अभिनंदन ने पाकिस्तान के एफ-16 को पीछा करते हुए उसके ही आसमान में जाकर मार गिराया था। वायुसेना की ओर से की जा रही कमेंट्री में जैसे ही अभिनंदन का नाम आया, लोगों का जोश दोगुना हो गया। देश के इस हीरो का लोगों ने खड़े होकर और तालियां बजाकर स्वागत किया।
-------
बालाकोट के हीरो ने मिराज से आसमान में बनाई एवेंजर फॉर्मेशन
एयरफोर्स डे पर एक ओर बालाकोट एयर स्ट्राइक को अंजाम देने वाले वीरों को सम्मानित कर उनका मान बढ़ाया गया। दूसरी ओर एयर शो में बालाकोट स्ट्राइक से जुड़े सपूतों ने मिराज और सुखोई-30 के साथ आसमान में एवेंजर फॉर्मेशन बना सभी को रोमांचित कर दिया। मिराज में सवार पायलट स्क्वाड्रन लीडर भुजाडे, ग्रुप कैप्टन पी. राज, विंग कमांडर बसोया और सुखोई-30 में विंग कमांडर केपी सिंह व स्क्वाड्रन लीडर सुराम ने एयर शो में हैरतअंगेज फॉर्मेशन कर लोगों का रोमांच दोगुना कर दिया। बीच-बीच में एयरफोर्स की कमेंट्री में बालाकोट का कई बार जिक्र आने से लोगों के जहन में एयर स्ट्राइक की याद ताजा हो गई।