संकट : वसुंधरा में दूसरे दिन भी हुई गंदे पानी की आपूर्ति
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर दस में सोमवार को गंदे पानी की सप्लाई हुई। घरों में छत पर रखी टंकियों में जमा पानी भी खराब हो गया। इसकी वजह से लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। लोगों ने बोतल बंद पानी खरीदकर रोजमर्रा का काम किया। लोगों को टंकी खाली कर सफाई करानी पड़ी। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से गंदा पानी आने की शिकायत की है।
गर्मी शुरू होते ही टीएचए में पानी की समस्या बढ़ती जा रही है। कभी पानी का प्रेशर कम रहता है तो कभी कुछ मिनट ही पानी मिल रहा है। इसके साथ ही अब गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई की समस्या भी खड़ी हो गई है। सोमवार को वसुंधरा सेक्टर दस इलाके में बदबूदार पानी की सप्लाई हुई। पानी से बदबू आ रही थी। नल खोलते ही घरों में गंदी बदबू भर गई। यही नहीं छतों पर रखी पानी की टंकी में भी गंदा पानी पहुंच गया। इसकी वजह से पहले से जमा पानी भी खराब हो गया। इसके चलते लोगों के पास जो पानी था, वह भी खराब हो गया।
लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। लोगों ने नगर निगम से भी गंदा पानी आने की शिकायत की है। उनको डर है कि गंदा पानी पीने से कहीं वह बीमार न हो जाएं। अवर अभियंता सोमेंद्र तोमर ने बताया कि शिकायत मिली है। लाइन की जांच कराई जा रही है कि लोगों को क्यों गंदा पानी मिल रहा है।