थाने में पत्नी ने परिजनों संग पति को पीटा
गाजियाबाद। महिला थाने में काउंसिलिंग पर आए पति को पत्नी ने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर पीटा, जिससे उसके कान का पर्दा फट गया। पीड़ित ने थाने में पत्नी और उसकेपरिवार के खिलाफ सिहानीगेट थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने पत्नी और अन्य परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शास्त्रीनगर की बागवानी कॉलोनी निवासी विपिन गौतम ने सिहानी गेट थाने में तहरीर दी। जिसमें बताया कि उनका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है। आए दिन दोनों में किसी न किसी बात पर विवाद होता रहा है। महिला थाने में दोनों की काउंसिलिंग चल रही है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दोनों को महिला थाने में पहुंचना था। काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों घर जाने के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान पत्नी स्नेहा और उसकी मांग राधिका ने उनके साथ अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। बताया कि मारपीट में उनके कान का पर्दा फट गया। अब उन्हें एक कान से सुनाई देना भी बंद हो गया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सिहानीगेट थाना पुलिस ने पत्नी और उसकी मां के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।