राकेश टिकैत के साथ पंजाबी गायक जस बाजवा।
- फोटो : GHAZIABAD City
पंजाबी गायक जस बाजवा ने किसानों का बढ़ाया हौसला
साहिबाबाद। यूपी गेट पर चल रहे किसान आंदोलन में मंगलवार को पंजाबी गायक जस बाजवा पहुंचे। उन्होंने यहां पर राकेश टिकैत से मुलाकात की और अपना समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने अपना किसान एंथम गाकर किसानों का हौसला बढ़ाया। किसानों ने भी उनके समर्थन में नारेबाजी की। जस बाजवा ने कहा कि वह किसानों के साथ हैं। जब तक आंदोलन चलेगा उनका समर्थन किसानों के साथ रहेगा। वह जल्द ही किसान के लिए दूसरा किसान एंथम लाने वाले हैं।
राकेश टिकैत ने बैरिकेड के सामने बैठकर खाया खाना
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस की बैरिकेडिंग के सामने बैठकर दोपहर का खाना खाया। इस दौरान वह थोड़ा भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि यह बैरिकेडिंग साफ दर्शाती है कि आने वाले समय में इसी तरह की बैरिकेडिंग में रोटी बंद हो जाएगी। यह रोटी की लड़ाई है। इन बिलों से किसान, मजदूर, मध्यमवर्गीय लोगों का नुकसान होगा। कॉरपोरेट खाने को डब्बे में बंद करना चाहता है। इसके विरोध में वह लड़ते रहेंगे।