एनडीआरएफ की टीम उत्तराखंड रवाना
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर फटने की घटना के बाद रविवार दोपहर गाजियाबाद से आठवीं बटालियन एनडीआरएफ की चार टीमें उत्तराखंड के लिए रवाना हुईं। एनडीआरएफ मुख्यालय से मिले निर्देश के तुरंत बाद पहले एक फिर तीन और टीमों को हिंडन एयरबेस से एयरलिफ्ट कर भेजा गया। सभी टीमें अपने साथ राहत-बचाव से जुड़े सभी आधुनिक उपकरणों के साथ रवाना हुई। एनडीआरएफ की चारों टीमों में 160 से ज्यादा जवान और अधिकारी मौजूद हैं।
सभी टीमों को हिंडन एयरबेस से हर्क्युलिस विमान के जरिए एयरलिफ्ट किया गया। डिप्टी कमांडेंट आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने की सूचना मिलते ही बटालियन की सभी टीमों को अलर्ट कर दिया गया था।
टीमों में शामिल सभी जवानों ने तैयारी शुरू कर दी। बटालियन से सबसे पहले एक टीम को हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से देहरादून के लिए रवाना किया गया। दूसरी टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया। फिर घटना की गंभीरता को देखते हुए तीन और टीमों को हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से एअरलिफ्ट कर देहरादून भेजा गया।
सभी टीमें बाढ़ में राहत-बचाव अभियान से जुड़े सभी आधुनिक उपकरणों को लेकर रवाना हुई हैं। रात बचाओ टीम के साथ डॉग स्क्वायड को भी भेजा गया है। इमरजेंसी में कई टीमों को तैयार रखा गया है। कंट्रोल रूम के जरिए उत्तराखंड जिला प्रशासन से लगातार संपर्क बना हुआ है। राहत बचाओ अभियान के लिए गई टीमों के आगे के निर्देश के आधार पर जवानों के साथ और अन्य उपकरणों को भेजा जाएगा।