गाजियाबाद लिंकरोड थाना क्षेत्र के सूर्यनगर ए ब्लॉक निवासी ड्राई फ्रूट्स कारोबारी के परिवार को बंधक बनाकर बदमाशों ने नकदी, जेवर और दो मोबाइल लूट लिए। पुलिस ने बताया कि कुरियर बॉय बनकर एक के बाद एक तीन हथियार बंद बदमाश घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि करीब 45 मिनट घर में वारदात कर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बुधवार देर रात सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
सूर्यनगर ए ब्लॉक में आशुतोष गर्ग परिवार के साथ रहते हैं। उनका ड्राई फ्रूट्स का कारोबार है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम को एक युवक उनके घर पहुंचा। दरवाजा खटखटाकर खुद को कुरियर बॉय बताया। दरवाजा खुलते ही युवक के साथ दो अन्य साथी भी घर में घुस गए। सभी के हाथ में हथियार थे।
आशुतोष को गनपॉइंट पर लेते हुए मां और अकाउंटेंट को एक कमरे में ले गए। इसके बाद रस्सी से हाथ पैर बांधकर बंधक बना लिया। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। आरोपियों ने करीब 45 मिनट तक कारोबारी का घर खंगाला। पीड़िता ने बताया कि लुटेरे एक लाख रुपये, सोने चांदी के जेवर और दो मोबाइल लूट कर ले गए।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने जैसे तैसे अपने आपको बंधन मुक्त किया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। देर रात एसपी सिटी सेकंड ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ आलोक दुबे, एसएचओ लिंकरोड रण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पीड़ितों से घटना के बारे में जानकारी ली। घटना के बाद से पूरा परिवार काफी डरा हुआ है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि कुरियर बॉय बनकर बदमाश घर में घुसे थे। गनपॉइंट पर वारदात कर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द बदमाशों को पकड़कर घटना का अनावरण किया जाएगा।