पत्नी को फंसाने के लिए मुस्तकीन ने लगाई था फंदा
साहिबाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में पहली पत्नी के साथ मिलकर दूसरी पत्नी की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। सायरा का पति मुस्तकीन उसे घर से निकाले के लिए अपनी पहली पत्नी और दो बेटों के साथ मिलकर तरह-तरह की योजनाएं बना रहा था। आठ जनवरी को उसने खुद को फंदे पर लटका लिया था और आरोप सायरा पर लगाया था। सायरा के पड़ोसी और चश्मदीद फरमान ने मुस्तकीन की योजना को फेल कर दिया था।
टीला मोड़ थाना पुलिस का कहना है कि जिस समय मुस्तकीन ने फंदा लगाया तो सायरा ने अपने कंधों से उसे ऊपर उठाया और फरमान व अन्य दो लोगों की मदद से नीचे उतारा था। वहीं अस्पताल जाते वक्त सायरा ने अपने मुंह से उसे सांस देकर बचाया था। इस आत्महत्या की कोशिश में मुस्तकीन के गर्दन की एक हड्डी भी टूट गई थी। वह तीन दिन तक दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती था। इसके बाद भी मुस्तकीन का कलेजा नहीं पसीजा और वह सायरा को घर से बाहर निकालने के अपनी पहली पत्नी और दो बेटों के साथ योजनाएं बनाता रहा।
पुलिस के मुताबिक, मुस्तकीन के दो प्लाट हैं। एक प्लाट में उसकी पहली पत्नी रहती है और पास में ही 25 गज के प्लाट पर बने घर में सायरा रहती थी। अभी मुस्तकीन के पास कोई काम नहीं था। जब सायरा उससे खर्चा मांगती थी तो वह नहीं देता था। इसी को लेकर घर में विवाद रहता था। (संवाद)
चाकू से गोदकर की थी हत्या
टीला मोड़ थाना क्षेत्र में 21 फरवरी को मुस्तकीन ने पहली पत्नी, छोटे भाई और बेटे के साथ मिलकर दूसरी पत्नी सायरा को चाकू से गोद दिया। उस समय सायरा का रिश्तेदार जुनैद भी मौके पर मौजूद था। जुनैद भी हमले में घायल हुआ है। पुलिस का कहना है कि मुस्तकीन जुनैद को फंसाना चाहता था। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं उसके दो बेटे अभी फरार है।