भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की कुलपति शांतिश्री धुलिपुड़ी के खिलाफ बुधवार को लोनी थाने में तहरीर दी है। उन्होंने कुलपति के खिलाफ रासुका लगाने की मांग की है। जेएनयू की वीसी ने हाल ही में हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ विवादित बयान दिया था।
विधायक ने तहरीर में बताया कि सोमवार को जेएनयू में एक व्याख्यान के दौरान कुलपति ने हिंदू देवी-देवताओं को जातियों में बांटने का कुत्सित प्रयास किया था। उनका कहना था कि हिंदू धर्म एवं शास्त्रों के अनुसार भगवान किसी जाति, ऊंच-नीच, गरीब-अमीर के बंधनों से अलग हैं। यह हिंदू धर्म की एकता को तोड़ने के लिए दिया जाने वाला बयान है।
उन्होंने मांग की है कि इसकी उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। एसएचओ अजय चौधरी ने बताया कि इस मामले के बारे में उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी।