शास्त्री नगर में चार फरवरी की रात कोचिंग संचालक अनिल कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने सगे भाई नरेंद्र और हरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में सात महीनों तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पीड़ित परिवार ने मंगलवार को एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी की फटकार के बाद कविनगर पुलिस की नींद टूटी और कार्रवाई की।
चार फरवरी की शाम नरेंद्र व हरेंद्र अनिल को किसी काम से अपने साथ ले गए थे। वहां सभी ने शराब पी। घर वापस लौटते समय नरेंद्र की कार अनिल चला रहे थे, जो पेड़ से टकरा गई। कार में काफी नुकसान होने पर नरेंद्र और हरेंद्र ने अनिल पर कार ठीक कराने का दबाव बनाया। इसी दौरान उनके बीच झगड़ा हो गया। अनिल वहां से भागकर घर पहुंचा तो दोनों भाई अनिल के घर में घुस गए और कमरे से निकालकर उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान धक्का-मुक्की में अनिल छत से गिरकर मौत हो गई। अनिल के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने अनिल को धक्का दिया था।