इंजीनियर की कार को ईंटों पर खड़ी कर पहिये ले गए चोर
साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में इंजीनियर की कार के चारों पहिये चोरों ने चुरा लिए गए और कार को ईंटों पर खड़ा कर दिया। पिछले दस दिनों में टायर चोरी की पांच वारदात हो चुकी हैं लेकिन पुलिस चोरों तक पहुंचने में नाकाम साबित हो रही है।
सिद्घार्थ नगर निवासी उज्जवल श्रीवास्तव गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उज्जवल पांच अगस्त की रात को नीतिखंड एक स्थित अपने दोस्त के घर आए हुए थे। उज्जवल ने अपनी कार दोस्त के घर के बाहर खड़ी की थी। अगले दिन घर जाने के लिए निकले तो कार के चारों पहिये गायब थे और कार ईंटों पर खड़ी थी। उन्होंने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को 112 नंबर पर कॉल कर दी। उसके बाद नीतिखंड चौकी पुलिस से शिकायत की थी। वहां से चौकी पुलिस ने इंदिरापुरम थाने भेज दिया था। सात अगस्त को इंदिरापुरम थाना पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की। उज्जवल ने जनवरी 2022 में ही नई कार खरीदी थी। सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने कहा कि पीड़ितों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही हैं। टायर चोरी करने वाले गिरोह की तलाश में टीमों को लगाया गया है।