पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी के नाम पर ठग कार लेकर फरार
वसुंधरा। पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी के नाम पर ठग वसुंधरा सेक्टर-15 की एक युवती को उसकी कार तमिलनाडु छोड़ने का झांसा देकर वाहन लेकर फरार हो गया। युवती ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
यहां रहने वाली प्रीति ने बताया कि पिता के. कार्तिकेयन ने उनकी शादी की तैयारी के लिए कार तमिलनाडु में घर के मूल पते पर भेजने के लिए गुरुग्राम की कंपनी से पांच जून को संपर्क किया था। दो दिन बाद पवन बराल नाम के युवक ने फोन किया। उसने खुद का पहचान पत्र और कंपनी के दस्तावेज दिखाकर पैकर्स एंड मूवर्स का पदाधिकारी होने का विश्वास दिलाया। उसने कार तमिलनाडु छोड़ने के लिए सात हजार रुपये लेकर रसीद भी दी। इसके बाद वह गाड़ी लेकर चला गया। आरोप है कि पिता के गांव पहुंचने पर भी ठग कार लेकर नहीं पहुंचा था जबकि उसने 14 जून तक गांव पहुंच जाने की बात कही थी। अब कई दिनों से उसका फोन बंद भी आ रहा है। गुरुग्राम में पता चला कि कंपनी जिस पते पर बताई थी वो भी फर्जी था। इंदिरापुरम थाना प्रभारी देवपाल पुंडीर का कहना है कि फोन नंबर के आधार पर ठग की लोकेशन का पता किया जा रहा है।