शादी का दबाव बनाने पर महिला को जलाकर मारा था
लोनी। महामाया कुंज कॉलोनी में 20 जुलाई 2019 को घर में महिला की जलाकर हत्या करने वाले आरोपी प्रेमी को पुलिस ने तीन साल बाद सोमवार रात लोनी बस डिपो से गिरफ्तार कर लिया। धनराज उर्फ मोनू ने महिला द्वारा शादी का दबाव बनाने पर हत्या करना बताया है। घटना के बाद से वह अपने ठिकाने बदल रहा था।
एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने बताया कि तीन साल पहले सीमा नाम की एक महिला की जलने से मौत हुई थी। महिला पहले पति से अलग होकर महामाया कुंज कॉलोनी में अपने भाई संजय, एक बेटी के साथ रह रही थी। महिला दिल्ली के हर्ष विहार स्थित एक कंपनी में नौकरी करती थी। महिला की कंपनी में नौकरी करने वाले धनराज से दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों लिविंग रिलेशनशिप में रह रहे थे। महिला को टीबी की बीमारी थी। कुछ समय बाद महिला ने धनराज से शादी करने को कहा तो आरोपी ने मना कर दिया। आरोप है कि इसके बाद महिला शादी के लिए दबाव बनाने लगी। घटना वाले दिन सीमा का भाई और बेटी किसी रिश्तेदार के यहां गए थे। सीमा के घर में अकेले होने का फायदा उठाकर धनराज ने रात करीब दो बजे महिला को सोते हुए जला दिया। घटना को अंजाम देकर धनराज मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर सीमा का भाई और पुलिस मौके पर पहुंची। भाई संजय ने उस समय दहेज हत्या का मुकदमा धनराज के खिलाफ कराया था। धनराज अपने फोन को बंद कर फरार था। परिवार के लोगों ने भी अपने फोन नंबर बदल लिए थे। पुलिस जांच में पता चला कि यह दहेज हत्या नहीं हत्या है।
दहेज हत्या से हत्या में बदली धारा
धनराज ने सीमा से शादी नहीं की थी। पुलिस जांच में इस बात का पता चला तो पुलिस ने दहेज हत्या की धारा हटाकर सात जून 2021 को हत्या की धाराएं लगाई थीं। हत्या के कारणों का पता करने के लिए पुलिस ने धनराज की तलाश शुरू की। धनराज पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। धनराज की गिरफ्तारी के बाद पता चला कि शादी का दबाव बनाने पर दोनों में मारपीट हुई थी। मारपीट के बाद भी नहीं मानने पर धनराज ने रात के समय डीजल डालकर सीमा को मौत के घाट उतार दिया था।