चार मंजिला मकान में चल रहा था कैसीनो, 19 गिरफ्तार
साहिबाबाद। शालीमार गार्डन-80 फुटा रोड के पीछे बंगाली मोहल्ला स्थित एक चार मंजिला मकान में चल रहे कैसीनो का शनिवार को साहिबाबाद थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 19 लोगों को कसीनो बॉक्स संग गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोगों के पास से 23 हजार की नकदी, मोबाइल, पर्चियां व जुआ खेलने का अन्य सामान बरामद किया। संचालक रफीक और बादशाह, मकान मालिक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
सीओ साहिबाबाद रितेश त्रिपाठी व थाना प्रभारी नागेंद्र चौबे की टीम ने शनिवार की सुबह शालीमार गार्डन में 80 फुटा रोड के पीछे बंगाली मोहल्ले में एक चार मंजिला मकान की पहली मंजिल पर छापा मारा। मकान अब्दुल हसन उर्फ अब्बुल निवासी बंगाली कॉलोनी का है। जबकि मकान की अन्य मंजिलों पर किराएदार रहते हैं। पुलिस को मौके पर कई लोग हार जीत की बाजी लगाकर सट्टा खेलते हुए मिले। लोगों ने मौके से भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने कमरे का गेट बंद कर सभी को एक साथ दबोचा। जबकि मकान मालिक पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। एसपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मौके से दिल्ली के सात व गाजियाबाद के 12 लोग पकड़े गए हैं। इनमें कय्यूम निवासी साहिबाबाद, आरिफ निवासी टीला मोड़, शरीफ निवासी झिलमिल दिल्ली, समीम निवासी जवाहर बाग दिल्ली, राकेश निवासी खिचड़ीपुर दिल्ली, रामजीव निवासी नंदनगरी दिल्ली, अमित निवासी टीला मोड़, पंकज निवासी साहिबाबाद, अलताफ निवासी जवाहर बाग दिल्ली, कैलाश चंद्र निवासी साहिबाबाद, कालीचरण निवासी साहिबाबाद, मुस्ताक निवासी टीला मोड़, आशू निवासी टीला मोड़, मुन्तयाज निवासी टीला मोड़, सलमान निवासी साहिबाबाद, शिवम निवासी न्यू सीमापुरी दिल्ली, मोहम्मद कासिम निवासी अर्थला साहिबाबाद, मोहम्मद वसीम निवासी नेहरू विहार दिल्ली व संजू निवासी साहिबाबाद शामिल रहे।
छह हजार किराए पर लिया था मकान
साहिबाबाद थाना प्रभारी नागेंद्र चौबे ने बताया कि सट्टा खेलने वालों ने चार मंजिला में से एक फ्लोर छह हजार रुपये में किराए पर ले रखा था। करीब डेढ़ माह से सट्टे का कारोबार चल रहा था। पुलिस जल्द ही मकान मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी में है।