शेयर बेचने का झांसा देकर 165 लोगों से 2.5 करोड़ रुपये ठगे
इंदिरापुरम। इंजिनिको प्राइवेट लिमिटेड कपंनी के शेयर में एक लाख रुपये निवेश करने पर प्रतिदिन तीन हजार मुनाफा कमाने का झांसा देकर 165 लोगों से करीब 2.5 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मामले में नंदग्राम निवासी अभिषेक सिंह समेत सात लोगों ने कंपनी के डायरेक्टर समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राधाकुंज निवासी अभिषेक सिंह नोएडा सेक्टर-63 की निजी कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी में साथी नित्यानंद के भतीजे अरुण चौहान ने शेयर मार्केट का काम शुरू किया था। उन्हें एक लाख रुपये निवेश करने पर प्रतिदिन तीन हजार रुपये मुनाफे का झांसा दिया। अरुण ने काला पत्थर रोड पर इंजिनिको प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कंपनी खोली थी। उन्होंने नित्यानंद पर विश्वास करके कंपनी में पैसा लगा दिया। यही नहीं, कंपनी में मार्च 2020 से अक्तूबर 2020 के दौरान करीब 165 लोगों से निवेश कराया। आरोप है कि अरुण ने लोगों को शुरुआत में 10 प्रतिशत से 20 प्रतिशत मुनाफे का लालच दिया था और कुछ लोगों को एक लाख रुपए जमा करने पर तीन हजार रुपए प्रतिदिन के हिसाब से भी मुनाफा दिया। मोटा मुनाफा मिलने पर सभी लोग अलग-अलग मद में पैसा निवेश करने लगे। इस बीच अरुण ने अपने परिवार के तीन और लोगों को कंपनी में उच्च पद पर बैठाया दिया। एक अन्य निवेशक सुबोध ने बताया कि आरोपियों ने नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़ और अन्य जगहों के लोगों से भी रकम निवेश कराए हैं। इसके बाद कंपनी बंद कर भाग गए।
ठगों ने कोरोना काल में घर से किया था काम
निवेशक अमित चौधरी के मुताबिक, काला पत्थर रोड पर कंपनी बंद करने के बाद ठग अरुण कुमार चौहान ने वर्ष 2020 में कोरोना की वजह से घर से काम करने का बहाना बनाया और कुछ दिन बाद घर से भी भाग गए। यही नहीं, निवेशकों को शांत करने के लिए कंपनी से हरीश चंद चौहान ने सभी कामों की जिम्मेदारी ली और उन्हें लगातार निवेश करने का आश्वासन दिया लेकिन सभी ने आगे पैसा निवेश करने से साफ इनकार कर दिया। इस मामले में निवेशक अभिषेक सिंह, सुबोध डागर, अमित चौधरी, इंद्रपाल, अमरपाल, किशन चंद और प्रदीप कुमार ने कंपनी के डायरेक्टर अरुण कुमार चौहान, नित्यानंद, सोनिया चौहान, तरुण चौहान व हरीश वंद चौहान के खिलाफ धोखाधड़ी व विश्वास तोड़ने की धारा में मुकदमा दर्ज कराया है।
कोट
इंदिरापुरम थाना प्रभारी मनीष बिष्ट ने बताया कि कंपनी डायरेक्टर समेत पांच के खिलाफ ठगी व धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।