कारोबारी की चोरी हुई कार का दिल्ली में कटा चालान
इंदिरापुरम। रामप्रस्थ पुलिस चौकी के पास से छह मई को इंजीनियरिंग कंपनी के डायरेक्टर श्वेताभ सिंह की चोरी हुई स्विफ्ट कार का दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 में तेज गति का चालान कटा है। शनिवार को वाहन स्वामी के पास चालान पहुंचने के बाद उन्हें इसकी जानकारी हुई। उन्होंने इंदिरापुरम पुलिस पर वाहन तलाशी में लापरवाही का आरोप लगाया है।
श्वेताभ सिंह एक इंजीनियरिंग कंपनी में डायरेक्टर हैं। छह मई की रात करीब पौने दो बजे उनकी कार घर के नीचे खड़ी थी। सीसीटीवी फुटेज में नजर आया कि क्रेटा गाड़ी से आए चोरों ने दो बार रेकी की और फिर गाड़ी से उतरकर काल का ताला तोड़कर चुरा ले गए। आरोप है कि घटना स्थल से कुछ दूरी पर रामप्रस्थ चौकी के सामने से ही चोर कार लेकर निकले हैं। वाहन चोरी के करीब 18 मिनट बाद मयूर विहार में गाड़ी का तेज गति का चालान कटा है। सुबह करीब 5:30 बजे सुरक्षा गार्ड ने गाड़ी चोरी होने सूचना उन्हें दी। वह मौके पर पहुंचे तो गाड़ी का कांच जमीन पर पड़ा था। उन्होंने इंदिरापुरम पुलिस को वाहन चोरी की सूचना दी। आरोप है कि रामप्रस्थ पुलिस ने एक बार भी चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी को चेक नहीं किया। इससे पुलिस की लापरवाही नजर आती है।
सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्रा का कहना है कि चोरों की तलाश के लिए सर्विलांस टीम लगी है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। वाहन चोर को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की भी मदद ली जा रही है।