शादी वाले घर में चोरी का आरोपी पकड़ा
साहिबाबाद। डीएलएफ में फ्लैट नंबर ए-15 में आठ मई को हुई सात लाख के गहने व नकदी चोरी का साहिबाबाद पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने शेख सुमन निवासी न्यू सीमापुरी मछली मार्केट को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी किए गए गहने बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद पुलिस फरार दूसरे चोर की तलाश में जुट गई है।
दर्जी का काम करने वाले नसीम यहां डीएलएफ में कृष्ण सिंह के मकान में किराए पर पत्नी रूखसार व परिजनों के साथ रहते हैं। 25 मई को उनकी साली हिना की शादी होनी है। आठ मई को परिवार के लोग खरीदारी करने के लिए बाजार गए थे। इस बीच चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे लगभग सात लाख रुपये के जेवरात व डेढ़ लाख की नकदी चोरी कर ली थी। थाना प्रभारी नागेंद्र चौबे का कहना है कि टीम को चोरों की सर्विलांस के माध्यम से लोकेशन मिली थी। चोरी के बाद उसके साथ जाफिर ने मिलकर गहने व नकदी का बंटावारा कर लिया था। बाकी उसके पास जो सामान नहीं मिला तो वो नशे के लिए बेच दिए।