शादी का दबाव बनाने पर की गर्भवती किशोरी की हत्या, पूर्व प्रेमी गिरफ्तार
इंदिरापुरम। कनावनी में 14 अप्रैल को हुई गर्भवती किशोरी की गला घोंटकर हत्या का शनिवार को इंदिरापुरम पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने किशोरी के पूर्व प्रेमी राहुल कुमार सरकार निवासी कनावनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि किशोरी गर्भवती होने के बाद उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई थी।
क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी राहुल कुमार सरकार (19) मूल रूप से बिहार के चंपारण में ग्राम धरमुहा पडोलिया कॉलोनी का रहने वाला है। वह कनावनी में किशोरी के घर के पास झुग्गी बनाकर रहता है। कुछ माह पूर्व दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। दोनों के बीच शारारिक संबंध भी बन गए, जिससे किशोरी चार माह की गर्भवती भी हो गई। इसका पता चलने पर वह आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी। कई बार आरोपी ने किशोरी की बात को अनसुना कर दिया। उसने 13 अप्रैल की शाम किशोरी को फोन कर किसी जगह ले जाने का झांसा दिया। वह किशोरी को लेने के लिए उसके घर के पास भी गया और वहां से दोनों कनावनी के रास्ते पुस्ते रोड पर पहुंच गए। सुनसान रोड होने का फायदा उठाकर आरोपी ने किशोरी की उसके दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव खेत में फेंक दिया। 14 अप्रैल को इंदिरापुरम पुलिस को शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि किशोरी चार माह की गर्भवती थी। पुलिस ने उसी एंगल पर जांच शुरू कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
बस में सवार होकर पहुंच गया बिहार
सीओ का कहना है कि राहुल रात करीब 11:30 बजे हत्या करने के बाद कौशांबी पहुंचा और वहां से बिहार जाने वाली बस में बैठकर रवाना हो गया। आरोपी को डर था कि पुलिस उसे रास्ते में दबोच न ले, लिहाजा वह कहीं भी बस से नीचे नहीं उतरा। वहां पहुंचकर आरोपी बिल्कुल निश्चित हो गया, लेकिन क्षेत्राधिकारी अभय मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की सर्विलांस के माध्यम से लोकेशन ट्रेस की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उसने किशोरी का मोबाइल किसी युवक को बेच दिया था। पुलिस ने मृतका का बैग जिसमें हाथ की घड़ी, ईयरफोन, कान के दो टॉप्स, आधार कार्ड और हत्या के दौरान पूर्व प्रेमी द्वारा पहनी हुई टी-शर्ट बरामद की है।
परिजनों ने किया था हंगामा और सड़क जाम
किशोरी के परिजनों ने चार युवकों पर सामूहिक बलात्कार कर हत्या करने का आरोप लगाकर सीआईएसएफ रोड जाम कर दिया था। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया, फिर पिता की शिकायत पर पुलिस ने राहुल कुमार समेत तीन युवकों के खिलाफ शक के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी।