फ्लैट के मीटर पैनल और फर्नीचर के गोदाम में लगी आग
वसुंधरा। तापमान बढ़ने के साथ ही हिंडन पार क्षेत्र में शार्ट सर्किट से आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। मंगलवार देर रात वसुंधरा सेक्टर-10 में एक मकान के बिजली मीटर और बुधवार दोपहर राजेंद्र नगर औद्योगिक क्षेत्र के फर्नीचर गोदाम में आग लग गई। सूचना पर दमकल की दो गाड़ियों की मदद से कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि वसुंधरा सेक्टर 10-सी में मदर प्राइड स्कूल के पास मकान नंबर-25 में रात करीब 2:15 बजे मीटर पैनल में आग लग गई। आग की लपटें तेज होने पर भवन स्वामी ने तत्काल दमकल को सूचना दी। रात 2:18 पर सूचना मिलने पर वैशाली फायर स्टेशन से तत्काल गाड़ी को रवाना कर दिया गया। इसके अलावा राजेंद्र नगर औद्योगिक क्षेत्र में सुलखान सिंह की दास कंपनी के नाम से फर्नीचर गोदाम है। दोपहर को करीब 12 बजे गोदाम में अचानक आग लग गई। लोगों ने धुआं निकलता देखा तो तुरंत गोदाम मालिक को सूचना दी। साहिबाबाद स्टेशन में सूचना मिलने के बाद एक गाड़ी को रवाना किया। कर्मियों ने गोदाम के पीछे हिस्से से राहत कार्य शुरू किया।