दिल्ली-यूपी की सीमाओं पर पुलिस सुरक्षा सख्त, एडीजी ने लिया जायजा
साहिबाबाद। हनुमान जन्मोत्सव के दिन दिल्ली में बवाल होने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने भी यूपी की सभी सीमाओं पर सुरक्षा सख्त कर दी। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह और एसएसपी मुनिराज जी. ने लोनी बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, एडीएजी कानून व्यवस्था राजीव सभरवाल ने भी सीमापुरी बॉर्डर पहुंचकर पुलिस को संदिग्धों की जांच करने के निर्देश दिए।
साहिबाबाद थाना पुलिस ने सीमापुरी बॉर्डर पर टीला मोड़ पुलिस ने तुलसी निकेतन बॉर्डर और कौशांबी व लिंक रोड पुलिस ने यूपी गेट, दिल्ली-आनंद विहार बॉर्डर, सूर्य नगर-दिल्ली बॉर्डर पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी। रात करीब दस बजे से ही सड़कों पर पुलिस की गतिविधियां तेज हो गईं। दिल्ली से गाजियाबाद आने वाले अधिकांश वाहनों को रोक-रोक कर जांच की गई। एडीजी राजीव सभरवाल ने शहीद नगर, सीमापुरी-दिलशाद गार्डन, पाइप मार्केट व अन्य जगहों पर पुलिस फोर्स लेकर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह पुख्ता रही। शरारती तत्व किसी तरह से माहौल खराब न कर पाएं इसके लिए लगातार निगरानी बनी है। थाना प्रभारी और समस्त चौकी प्रभारियों को सख्त हिदायत दी कि संदिग्धों की चेकिंग में किसी प्रकार की भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सड़क किनारे ही पुलिस कर्मियों को ब्रीफिंग भी की। इस बीच पुलिस अधीक्षक सुभाष गंगवार, सहायक पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर, क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र, थाना प्रभारी साहिबाबाद नागेंद्र चौबे, लिंक रोड थाना प्रभारी ब्रिजेश कुमार सिंह, कौशांबी थाना प्रभारी (कार्यवाहक) अजय कुमार व अन्य मौजूद रहे।