प्रदूषण फैलाने वाली 8 फैक्टरियों पर चला बुलडोजर
लोनी। बार्डर थाना के कृष्णा विहार कॉलोनी में प्रदूषण फैलाने वाली 8 फैक्टरियों पर बुधवार को प्रशासन की टीम ने बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान संचालक मौके से फरार हो गए। फैक्टरियों में मेटल गलाकर धातु निकालने का काम हो रहा था। पूर्व में भी कई बार इस कॉलोनी में टीम कार्रवाई कर चुकी है।
लोनी एसडीएम संतोष कुमार राय ने बताया कि लोनी लगातार प्रदूषण के मामले में टॉप पर चल रहा है। प्रदूषण को कम करने के लिए टीम बनाई गई थी। टीम को सूचना मिली कि कृष्णा विहार कॉलोनी में प्रदूषण फैलानी वाली फैक्टरियां संचालित है। संचालक ज्यादातर रात के समय फैक्टरियों को चलाते हैं। लोगों ने मामले में शिकायत की थी। शिकायत मिलने पर बुधवार को जीडीए, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगरपालिका व स्थानीय पुलिस बल के साथ कृष्णा विहार कॉलोनी में टीम पहुंची। यहां फैक्टरियां संचालित मिलीं। फैक्टरियों में भट्ठी जलाकर धातु गलाने, तार, ई कचरा जलाने व केमिकल का कार्य किया जा रहा था। फैक्टरियों से भारी मात्रा में जहरीला केमिकल मिला हैं।
बार-बार कार्रवाई के बाद भी दोबारा चलने लगती हैं फैक्टरियां
लोनी का एक्यूआई सबसे ज्यादा रहता है। इसका मुख्य कारण लोनी की अवैध फैक्टरियां हैं। कृष्णा विहार कॉलोनी, अमित विहार कॉलोनी, बेहटा हाजीपुर कॉलोनी समेत अन्य कॉलोनियों में फैक्टरियां संचालित हैं। प्रशासन की टीम कई बार इन कॉलोनियों में कार्रवाई कर चुकी है लेकिन फिर से फैक्टरियां संचालित हो जाती हैं।