दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कार ने बाइक सवार शिक्षक को रौंदा, मौत
कौशांबी। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे (डीएमई) पर गलत साइड से आ रही कार ने बाइक सवार गेस्ट टीचर प्रवीण कौशिक को रौंद दिया। लहूलुहान अवस्था में लोगों ने उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राहगीरों ने बताया कि गुस्साए लोगों ने कार में तोड़फोड़ की, मौके से चालक फरार हो गया। पुलिस आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है।
नांगलोई निवासी प्रवीण कौशिक (32) पंचवटी कॉलोनी में पत्नी व दो बच्चों के साथ रहते थे। वह दिल्ली के स्कूल में गेस्ट टीचर थे। सोमवार सुबह बाइक से स्कूल जा रहे थे। यूपी गेट पर डीएमई की लेन में पहुंचने पर गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें रौंद दिया। इससे पहले प्रवीण ने बाइक संभालने का प्रयास किया, मगर गाड़ी के हल्का सा घुमाव होने की वजह से दोनों की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर लहूलुहान होकर तड़पते रहे। उन्हें तुरंत पुलिस ने लोगों की मदद से वैशाली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान डीएमई से गुजर रहे लोगों का चालक की लापरवाही पर गुस्सा भड़क गया। एक राहगीर ने बताया कि गुस्साए लोगों ने गाड़ी को तोड़ दिया। इससे मुख्य रोड पर वाहनों का जाम लग गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क किनारे कराया, जिसके बाद ट्रैफिक संचालन सामान्य हुआ। हादसे की सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। राहगीर नितिन ने बताया कि बाइक सवार प्रवीण ने हेलमेट पहन रखा था। कौशांबी थाना प्रभारी सचिन मलिक का कहना है कि परिजनों ने कार चालक के खिलाफ शिकायत दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।