शादी से लौट रहे युवकों की कार हिंडन नहर में गिरी, तीन की मौत
इंदिरापुरम। वसुंधरा चौकी के पास बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे कार अनियंत्रित होने के बाद लोहे की रेलिंग तोड़कर हिंडन नहर में गिर गई। कार में सवार सोनू उर्फ सुमित कुमार (19), देव गुप्ता (18) निवासी दीपक विहार खोड़ा व ललित (23) निवासी पीएसी कैंप अलीगढ़ की मौत हो गई। तीनों कनावनी के एक फार्म हाउस में हुई शादी से लौट रहे थे। सूचना पर इंदिरापुरम पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त कार को बाहर निकाला। इसके बाद परिवार को सूचना दी। परिजनों ने अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना होने की आशंका जाहिर की है।
खोड़ा निवासी गौरी शंकर ने बताया कि 10 फरवरी को पड़ोसी की बेटी की शादी कनावनी के एक फार्म हाउस में थी। जिसमें उनका इकलौता बेटा सोनू और बहन का लड़का ललित व दोस्त देव गुप्ता तीनों शादी में शामिल हुए थे। सोनू नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूल से 12वीं कर चुका था। जबकि ललित एक जनरेटर की दुकान पर काम करता था। देव गुप्ता दसवीं पास कर चुका था। रात करीब 11:30 बजे वह खाना खाकर घर चले गए थे। मगर तीनों काफी कहने के बावजूद वहीं रुके रहे। तीनों दोस्त की बहन की शादी का हवाला देकर रात करीब एक बजे स्कोडा कार से घर जा रहे थे। यह कार सोनू के दोस्त की बताई गई है। वसुंधरा चौकी के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग तोड़कर हिंडन नहर में जा गिरी। घटना इतनी भीषण थी कि कार आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। जिसमें चालक और परिचालक की सीट के सामने एयरबैग भी फट गए थे। माना जा रहा है कि तीनों कार के अंदर पानी भरने की वजह से पीछे वाली सीट पर एकत्रित हो गए थे। क्योंकि बाद में पुलिस ने जब क्रेन और जेसीबी की मदद से कार को बाहर निकाला तो वह पीछे सीट पर मिले। पुलिस तीनों को निजी अस्पताल लेकर गई। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोस्त से मांगी थी गाड़ी
पुलिस जांच में सामने आया है कि शादी में खोड़ा निवासी दिनेश भी शामिल हुआ था। सोनू ने किसी काम के लिए दिनेश से दस मिनट के लिए गाड़ी मांगी थी। इसके बाद वह सीआईएसएफ से होकर वसुंधरा चौकी के पास यू-टर्न से वापस बैंक्वेट हॉल जा रहा था। तभी अचानक यह घटना हो गई। पुलिस का कहना है कि काफी देर तक जब सोनू गाड़ी लेकर खोड़ा नहीं पहुंचा तो दिनेश ने उसे फोन किया था। ज्यादा देर होने पर उसने थाने में एफआईआर लिखाने की भी बात लिखी थी। मगर तब तक तीनों गाड़ी समेत हिंडन नहर में गिर चुके थे। वहीं, सोनू के पिता गौरी शंकर का कहना है कि तीनों युवक कार चलाना नहीं जानते थे। उधर, इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे
थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। क्रेन और जेसीबी की मदद से गाड़ी बाहर निकाल कर युवकों की पहचान की गई। इसके बाद परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।