3383 ईवीएम पर 53 सीसीटीवी की नजर, 10 मार्च को खुलेगा ताला
गाजियाबाद। मतदान के बाद 3383 ईवीएम गोविंदपुरम अनाज मंडी में स्ट्रांग रूम में 53 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखी गई हैं। स्ट्रांग रूम का ताला 10 मार्च को खुलेगा। सुरक्षा के लिए दो चक्र बनाए गए हैं। खुफिया विभाग की टीम भी लगाई गई है।
एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि स्ट्रांग रूम पर सुरक्षा के मद्देनजर चार मोर्चे में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जिसमें इनर और आउटर सर्किल में सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। स्ट्रांग रूम पर एक टुकड़ी सीआरपीएफ की लगाई गई है। जो स्ट्रांग के बाहर तैनात रहेंगे। इसके अलावा 10 पुलिसकर्मी भी लगाए गए हैं, जिनमें से दो-दो पुलिसकर्मियों की टीम स्ट्रांग रूम के चारों कोनों पर और दो पुलिसकर्मी गेट पर मुस्तैद रहेंगे। जिनकी 12-12 घंटे की ड्यूटी रहेगी। एसपी सिटी ने बताया कि ईवीएम की सुरक्षा के लिए जहां स्ट्रांग रूम बनाया गया है, वहां चैक पोस्ट भी बनाया गया। किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं रहेगी। वहीं स्ट्रांग रूम पर अग्निशमन की गाडिय़ां भी लगाई गई हैं। तैनात किए गए सुरक्षाकर्मियों को किसी भी विषम परिस्थितियों में उच्चाधिकारियों को सूचना देने और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। स्ट्रांग के आसपास किसी व्यक्ति द्वारा अगर किसी तरह भी माहौल बिगाडने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।