कहासुनी के बाद दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या
लोनी। राजीव गार्डन कॉलोनी में बुधवार रात कहासुनी के बाद आरोपियों ने घर से बुलाकर दोस्त की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। हत्या से दो घंटे पहले दोस्त और आरोपियों में गली के बाहर झगड़ा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपने फोन को बंद कर फरार हैं। पुलिस ठिकानों पर दबिश दे रही है।
राजीव गार्डन कॉलोनी में कुणाल (18) परिवार के साथ रहते थे। घर में पिता प्रवीन, भाई विशाल और दादी समेत अन्य लोग हैं। उनके पिता घर से कुछ दूरी पर कपड़े सिलाई का काम करते हैं। कुणाल पिता का हाथ बंटाते थे। प्रवीन ने बताया कि बुधवार को उनकी बेटी मिलने आई थी। कुणाल अपनी भांजे अभीवान को गली के बाहर एक दुकान से सामान दिलाने के लिए गया था। इस दौरान दुकान के पास कुणाल के दो दोस्त खड़े थे। यहां दोस्तों और कुणाल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज हो गई। दुकानदार ने समझाने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान कुणाल की दुकानदार से भी कहासुनी हो गई थी। आसपास के लोगों के समझाने के बाद दोनों पक्ष शांत हो गए। कुणाल अपने घर आ गए। शाम करीब साढ़े छह बजे कुणाल के दोस्त और उनके अन्य साथी उसके घर पर आ गए। यहां कुणाल के परिजनों और आरोपियों में कहासुनी हो गई। इस दौरान आरोपियों ने कुणाल को घर से बाहर बुलाया। कुणाल आरोपियों के कहने पर घर से बाहर आ गया। गली के बाहर आते ही उसके दोस्तों ने कुणाल पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में कुणाल लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। इस दौरान कुणाल के पिता पीछे से भागते हुए आए। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दो आरोपी अनुज और सुमित को गिरफ्तार किया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
कुणाल की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर एसपी देहात डॉक्टर ईराज राजा, सीओ अतुल कुमार सोनकर, एसएचओ विश्वजीत सिंह मौके पर पहुंचे। एसएचओ ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गर्दन और पेट में चाकू मारे
गली के बाहर आते ही आरोपियों ने कुणाल के पेट और गर्दन पर कई वार किए। चाकू लगते ही वह जमीन पर गिर गया था। जमीन पर गिरने के बाद भी उस पर हमला किया।
एक सप्ताह पूर्व की थी दोस्तों के साथ पार्टी
कुणाल का तीन मार्च को जन्म दिन था। कुणाल ने इन आरोपी दोस्तों के साथ पड़ोस में ही पार्टी की थी। यहां दोस्तों के साथ डीजे पर जमकर मस्ती की थी। इससे पहले भी दोस्त और आरोपी एक साथ रहते थे। रात के समय साथ घूमा करते थे।