खनन पर कार्रवाई करने पहुंचे एसडीएम शुभांगी शुक्ला।
- फोटो : GHAZIABAD City
रात में हो रहे अवैध मिट्टी खनन पर एसडीएम की कार्रवाई
लोनी। लोनी में हो रहे अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन ने रविवार रात कार्रवाई की। टीम ने लोनी के मिलक बामला गांव में देर रात छापा मारकर एक जेसीबी और दो ट्रक जब्त किए। प्रशासन की टीम को आता देख संचालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हुए। संचालक बिना रॉयल्टी जमा और बिना परमिशन के मिट्टी खनन कर रहे थे।
लोनी एसडीएम शुभांगी शुक्ला ने बताया कि मिलक बामला गांव में काफी समय से अवैध रूप से मिट्टी खनन होने की शिकायत मिल रही थी। खनन माफिया रात के समय मिट्टी खनन कर रहे थे। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस के साथ रविवार रात उनके नेतृत्व में टीम मिलक बामला गांव पहुंची। मौके पर कुछ लोग जेसीबी मशीन से मिट्टी खनन कर रहे थे। पुलिस को देख संचालक मशीन छोड़कर फरार हो गए। एसडीएम ने बताया कि मौके से एक जेसीबी और दो ट्रक को जब्त कर थाने को सुपुर्द कर दिया है। संचालक की तलाश की जा रही है। मिट्टी खनन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि खनन संचालक बिना अनुमति लिए अवैध रूप से मिट्टी खनन कर रहे थे।