तनातनी के बीच बिल्डर को दिलाया कब्जा, गुस्साए किसानों ने किया पथराव
गाजियाबाद। एनएच-9 स्थित वेव सिटी और आदित्य वर्ल्ड सिटी की जमीन पर कब्जे को लेकर बिल्डर व किसान सोमवार को एक बार फिर आमने-सामने आ गए। जिला प्रशासन व जीडीए के अधिकारी भारी पुलिसबल के साथ बिल्डर को जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए आदित्य वर्ल्ड सिटी पहुंचे तो किसानों ने विरोध किया। प्रशासन ने जोर-जबरदस्ती करने की कोशिश की तो किसान आक्रोशित हो गए और पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए 36 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आदित्य वर्ल्ड सिटी में करीब ढाई हेक्टेयर जमीन पर कब्जा दिलाने के बाद देरशाम तक वेव सिटी में 4 हेक्टेयर जमीन पर कब्जा दिलाने की प्रक्रिया जारी थी।
बता दें कि कविनगर थानाक्षेत्र में एनएच-9 स्थित वेव सिटी और आदित्य वर्ल्ड सिटी प्रोजेक्ट में जमीन पर कब्जे को लेकर किसानों व बिल्डर के बीच गतिरोध चल रहा है। किसान 25 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर मुआवजे की मांग पर अड़े हैं जबकि बिल्डर 6500 रुपये प्रति वर्गमीटर देने को तैयार हैं। कई बार के गतिरोध के बीच गत शनिवार को भी आदित्य वर्ल्ड सिटी में भारी पुलिसबल के बीच बिल्डर को कब्जा दिलाने की कोशिश की गई, लेकिन किसानों के विरोध के चलते कब्जा नहीं दिलाया जा सका। इसी कड़ी में सोमवार को प्रशासन व जीडीए के अधिकारी पुलिसबल व पीएसी के साथ बिल्डर को कब्जा दिलाने के लिए आदित्य वर्ल्ड सिटी पहुंच गए। वहां किसानों ने फिर से हंगामा करते हुए विरोध शुरू कर दिया। अधिकारियों ने जबरदस्ती कब्जा दिलाने की कोशिश की तो किसान भड़ गए और पुलिस पर पथराव कर दिया। बॉडी प्रोटेक्टर की वजह से पुलिस फोर्स को ज्यादा चोट नहीं आई। पुलिस व पीएसी ने घेराबंदी करते हुए 36 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आदित्य वर्ल्ड सिटी में करीब ढाई हेक्टेयर जमीन पर कब्जा दिलाया गया, जबकि वेव सिटी में चार हेक्टेयर जमीन पर कब्जा दिलाने की प्रक्रिया चल रही है। एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल ने बताया कि विरोध करने वाले 36 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एक दिन पहले कविनगर थाने का किया था घेराव
शनिवार को हुए विरोध के बाद कविनगर पुलिस ने 20 किसानों को नामजद कर 50 अज्ञात किसानों के खिलाफ बलवा व सरकारी कार्य में बाधा का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने रविवार को चार लोग हिरासत में ले लिए थे। जिसके बाद किसानों ने कविनगर थाने का घेराव करते हुए जमकर हंगामा किया था। मामला बढ़ता देख पुलिस को चारों लोगों को थाने से छोड़ना पड़ा था।
बिल्डर के इशारे पर जमीन हड़पने की तैयारी : सिकंदर यादव
गाजियाबाद किसान संघर्ष समिति के सिकंदर यादव का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे किसानों और महिलाओं पर लाठीचार्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा हाईकोर्ट का हवाला देकर किसानों को प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है। सिकंदर यादव ने बताया कि किसानों और महिलाओं पर लाठीचार्ज करना सरासर गलत है। हाईटेक सिटी, आदित्य वर्ड सिटी के पदाधिकारी, सरकारी अधिकारिओं से सांठगांठ करके किसानों की जमीनों पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
एक परिवार सड़क पर
हाईकोर्ट के आदेश के बाद सोमवार को कंपनी ने आदित्य वर्ल्ड सिटी में जमीन का अधिग्रहण किया। ग्रामीण जमीन की कीमत का अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं। इस इस लड़ाई में बदायूं निवासी नेमचंद का पूरा परिवार भी बर्बाद होकर सड़क पर आ गया। नेमचंद गांव वालों से जमीन किराया पर लेकर खेती करते थे। उनका परिवार वहीं झोपड़ी बनाकर रहता था, जो कार्रवाई में हटा दी गई। नेमचंद पिछले आठ सालों से 40 हजार रुपये सलाना किराया पर लेकर खेती कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे।