रैपिड रेल के साहिबाबाद से दुहाई तक पहले प्राथमिकता खंड में निर्माण संबंधी 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। पहले खंड पर रैपिड रेल मार्च 2023 तो दूसरे खंड में दुहाई से मेरठ साउथ तक रेल अक्तूबर 2023 में चलनी प्रस्तावित है। ऐसे में अब दुहाई से मेरठ के बीच दूसरे खंड में निर्माण तेज हो गया है। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) ने दूसरे खंड में दुहाई से मेरठ शताब्दीनगर तक 60 फीसदी पिलर का निर्माण पूरा कर लिया है।
दुहाई से शताब्दीनगर तक कुल 1161 पिलर का निर्माण होना है, इनमें से 700 पिलर का काम पूरा कर लिया गया है। उसमें अलावा दूसरे खंड में पिलर की नींव का 85 फीसदी काम पूरा हो चुका है। रैपिड के दूसरे भाग में करीब 5500 पिलर की नींव बनाई जानी है। इनमें से 4700 नींव संबंधी काम पूरा हो गया है। पिलर का निर्माण कार्य पूरा होते ही रैपिड रेल के एलिवेटेड ट्रैक (वायडक्ट) का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। कॉरिडोर की विभिन्न साइट पर दिनरात निर्माण कार्य जारी है।
जल्द तैयार होंगे मुरादनगर, मोदीनगर नॉर्थ और साउथ स्टेशन
रैपिड रेल के दूसरे खंड में गाजियाबाद में कुल तीन स्टेशन का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें से मुरादनगर, मोदीनगर नॉर्थ और मोदीनगर साउथ का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। मुरादनगर रैपिड स्टेशन में तो प्लेटफार्म का काम शुरू हो गया है।
स्टेशनों का आने वाले कुछ माह में निर्माण पूरा होने की संभावना जताई जा रही है। एनसीआरटीसी के सीपीआरओ पुनीत वत्स ने बताया कि दूसरे खंड में पिलर संबंधी कार्य पूरा होने के साथ एलिवेटेड ट्रैक का काम गति पकड़ेगा।