पुराने गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की दोपहर कोे रेलवे ट्रैक पर गिट्टी डालने वाली ट्रॉली के चार पहिये पटरी से उतर गए। इस घटना के बाद ट्रैक पर से आ रही मालगाड़ियों को रोक दिया गया। दिल्ली से आए इंजीनियर की टीम ने जैक लगाकर ट्रॉली को पटरी पर चढ़ाया, जिसके बाद रेल यातायात सुचारु हो सका।
दोपहर करीब डेढ़ बजे रेलवे कर्मचारियों की टीम ट्रैक नंबर तीन की लाइन पर गिट्टी डाल रही थी। इसी दौरान ट्रॉली के चार पहिये पटरी से उतर गए। जहां ट्रॉली उतरी वहां पटरी का एक छोटाटुकड़ा मेन लाइन से जुड़ा हुआ था। माना जा रहा है कि पहिया दोनों के बीच फंसकर उतर गया होगा।
इसकी सूचना तुरंत रेलवे के अधिकारियों को दी गई। दिल्ली से इंजीनियरों की टीम आई। टीम ने जैक लगाकर ट्रॉली कोे ऊपर उठाते हुए पटरी पर रख दिया। हालांकि इससे यात्री गाड़ियाें पर कोई असर नहीं पड़ा है। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रोकी गईं मालगाड़ियों को रवाना किया जा सका।